सूरत : एकल श्रीहरि वनवासी विकास ट्रस्ट द्वारा भव्य कवि सम्मेलन, इंसानियत से लेकर राजनीति तक गूंजे कविता और व्यंग्य

देशभर के कवियों ने बांधा समां, श्रोताओं ने ठहाकों और तालियों से सराहा आयोजन

सूरत : एकल श्रीहरि वनवासी विकास ट्रस्ट द्वारा भव्य कवि सम्मेलन, इंसानियत से लेकर राजनीति तक गूंजे कविता और व्यंग्य

सूरत में एकल श्रीहरि वनवासी विकास ट्रस्ट द्वारा “कविता के रंग, एकल मंच” शीर्षक से विशाल कवि सम्मेलन का आयोजन सरसाणा स्थित इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर के प्लेटिनियम हॉल में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ट्रस्ट द्वारा दानदाताओं के सम्मान के साथ हुई।

कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रख्यात कवियों ने अपनी कविताओं, गीतों, गज़लों और हास्य-व्यंग्य के माध्यम से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, सामाजिक मुद्दों और वर्तमान राजनीति पर भी रचनात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिली।

पद्मश्री सम्मानित कवि अशोक चक्रधर ने अपने व्यंग्य में ‘डॉग’ को पात्र बनाकर समकालीन परिस्थितियों पर तीखा कटाक्ष किया। वहीं प्रसिद्ध गायिका एवं कवयित्री अनामिका अंबर ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और सुरों के जादू से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कवि शंभू शिखर ने हास्य और व्यंग्य से भरपूर कविताओं के माध्यम से दर्शकों को खूब हंसाया। हास्य कवि अनिल अग्रवंशी ने बेटी पर आधारित अपनी भावपूर्ण कविता से तालियां बटोरीं, जबकि गौरव शर्मा ने मारवाड़ी भाषा की प्रस्तुति से माहौल में अलग ही रंग घोल दिया। कार्यक्रम का संचालन शशिकांत यादव ने प्रभावशाली अंदाज में किया, जिन्होंने अपनी ओजपूर्ण कविताओं और हास्य शैली से भी दर्शकों का दिल जीत लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कविता गुप्ता, सूरत पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत तथा अतिथि विशेष के रूप में रामरतन भूतड़ा, विष्णु चौधरी, अनुप जैन, राजेश गुप्ता सहित ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए महेश मित्तल, सूरत चैप्टर अध्यक्ष रमेश अग्रवाल (विनायक), राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रतनलाल दारुका, विश्वनाथ सिंघानिया, पवन झुनझुनवाला और महिला समिति की मंजू मित्तल, कुसुम सर्राफ, सुषमा दारुका, अनिता केडिया, अंकुर बीजाका समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। कवियों की शानदार प्रस्तुतियों और दर्शकों के उत्साह से कार्यक्रम देर रात तक जीवंत और यादगार बना रहा।

Tags: Surat