सूरत में ‘वेल्थ एक्सपो 2026’ का कर्टेन रेज़र आयोजित, इंडस्ट्री और इन्वेस्टर्स को मिलेगा बड़ा प्लेटफॉर्म
8 से 10 मई तक सरसाना में होगा आयोजन, फाइनेंशियल इनोवेशन और निवेश के नए अवसरों पर रहेगा फोकस
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइज़ेशन (JITO) सूरत के संयुक्त तत्वावधान में ‘वेल्थ एक्सपो 2026’ का कर्टेन रेज़र सेरेमनी गुरुवार को डुमस रोड स्थित अमोरे में आयोजित की गई। इस दौरान एक्सपो के उद्देश्य, स्वरूप और संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रेसिडेंट निखिल मद्रासी ने कहा कि चैंबर हमेशा से इंडस्ट्री और ट्रेड के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है और विभिन्न एग्ज़िबिशन, सेमिनार और नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से उद्यमियों को नए अवसर प्रदान करता रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वेल्थ एक्सपो 2026 सूरत और दक्षिण गुजरात के उद्योगपतियों के बीच निवेश और नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
JITO सूरत के प्रेसिडेंट मिलन पारीख ने बताया कि यह एक्सपो क्षेत्र के प्रमुख फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस, निवेशकों, लीजिंग कंपनियों, फिनटेक इनोवेटर्स और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स को एक मंच पर लाएगा। एक्सपो में आधुनिक वित्तीय उत्पादों, निवेश के अवसरों और नवीन लीजिंग सॉल्यूशंस का प्रदर्शन किया जाएगा।
चैंबर के वाइस प्रेसिडेंट अशोक जीरावाला ने कहा कि इस तरह के आयोजन उद्योग जगत के लिए मजबूत नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म तैयार करते हैं, जिससे नए व्यावसायिक संबंध स्थापित होते हैं और विकास के नए रास्ते खुलते हैं। उन्होंने कहा कि एक्सपो का उद्देश्य प्रोफेशनल्स, उद्यमियों और व्यक्तिगत निवेशकों को सशक्त बनाना और उन्हें सही वित्तीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
चैंबर ग्रुप के चेयरमैन कमलेश गजेरा ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘वेल्थ एक्सपो 2026’ का आयोजन 8, 9 और 10 मई, 2026 को सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा।
इस अवसर पर चैंबर के पूर्व प्रेसिडेंट विजय मेवावाला, ऑनरेरी मंत्री बिजल जरीवाला, ऑनरेरी ट्रेज़रर सीए मितिश मोदी, ऑल एग्ज़िबिशन के चेयरमैन किरण ठुमर, ग्रुप चेयरमैन राकेश जैन सहित JITO सूरत के पदाधिकारी और कमेटी मेंबर्स की उपस्थिति में एक्सपो का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ओपन फोरम में चैंबर और JITO के सदस्यों ने अपने विचार भी साझा किए। कार्यक्रम का संचालन कमलेश गजेरा ने किया।
