सूरत रेलवे स्टेशन पर ‘थ्रू रूफ’ निर्माण शुरू, 30 दिन का मेगा ब्लॉक लागू

रीडेवलपमेंट कार्य के चलते कई ट्रेनों का संचालन उधना से; यात्रियों को शेड्यूल में बदलाव का असर

सूरत रेलवे स्टेशन पर ‘थ्रू रूफ’ निर्माण शुरू, 30 दिन का मेगा ब्लॉक लागू

सूरत : सूरत रेलवे स्टेशन के मॉडर्नाइजेशन कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। स्टेशन रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत प्लेटफॉर्म नंबर 02/03 और 04 के बीच ‘थ्रू रूफ’ (छत) निर्माण का काम शुरू किया जा रहा है, जिसके लिए रेलवे प्रशासन ने 30 दिनों का मेगा ब्लॉक घोषित किया है।

रेलवे द्वारा जारी ट्रैफिक वर्किंग ऑर्डर (TWO) के अनुसार यह कार्य 30 मार्च 2026 से शुरू होकर लगातार 30 दिनों तक चलेगा। इस दौरान कई लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है, जिससे यात्रियों को अपनी यात्रा योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।

सबसे अहम बदलाव यह है कि कुछ ट्रेनों को सूरत स्टेशन के बजाय उधना रेलवे स्टेशन से चलाने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, ट्रेन नंबर 12936 (सूरत-बांद्रा टर्मिनस) अपने निर्धारित समय के अनुसार चलेगी, लेकिन इसमें ट्रेन नंबर 12935 का रेक इस्तेमाल किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने ब्लॉक के दौरान संचालन सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त क्रू मेंबर भी तैनात किए हैं। उधना से सूरत खाली रेक लाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, वहीं ट्रेन नंबर 69109 (सूरत-भरूच) के क्रू को भी निर्धारित समय से दो घंटे पहले ड्यूटी पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन ट्रेनों के शेड्यूल में बदलाव:

बांद्रा टर्मिनस–सूरत (12935): 30 मार्च से 28 अप्रैल 2026 तक यह ट्रेन सूरत के बजाय उधना स्टेशन तक ही संचालित होगी।
सूरत–अमरावती एक्सप्रेस (20925): 2 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को यह ट्रेन उधना से ही चलेगी।
अमरावती–सूरत एक्सप्रेस (20926): 30 मार्च से 27 अप्रैल 2026 तक यह ट्रेन उधना तक ही आएगी, जबकि उधना–सूरत सेक्शन में सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को सेवा रद्द रहेगी।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के शेड्यूल की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।