सूरत : परवत पाटिया क्षेत्र में 24वें गणगौर उत्सव की भव्य शोभायात्रा निकली
जैन नगर से डुंभाल बालाजी मंदिर तक विभिन्न सोसायटियों में हुआ भव्य स्वागत, बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु
सूरत में राजस्थानी परंपरा के तहत 24वें गणगौर उत्सव के अवसर पर शनिवार, 21 मार्च 2026 को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह आयोजन हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिला-पुरुष एवं समाजबंधु शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2:15 बजे जैन नगर प्रांगण में गणगौर दर्शन एवं विधिवत पूजा के साथ हुई। इसके पश्चात सायं 4:15 बजे जैन नगर से शोभायात्रा का प्रस्थान किया गया।
शोभायात्रा जैन नगर से रवि आशीष, सालासर नगर, वृंदावन, गोकुलधाम, नीलकंठ हाइट्स, श्याम वाटिका, पूजन प्लाजा (कैलाश नगर), वाटिका टाउनशिप, पिंक सिटी, शिव मंदिर, मॉडल टाउनशिप, गुरुकृपा एवं गजानंद क्षेत्र होते हुए डुंभाल स्थित बालाजी मंदिर पहुंची। मार्ग में विभिन्न सोसायटियों द्वारा जलपान, पुष्पवर्षा और स्वागत-सत्कार के साथ शोभायात्रा का अभिनंदन किया गया।

आयोजन से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ताओं में जिग्नेश पाटिल, नंदकिशोर शर्मा, दिनेश चौधरी, रमेश पारीक, अखिलेश पारीक, भंवर बाबल, विजय चोमाल, नागर भाई पटेल, कैलाश लाहोटी, संजय मोहता, महेश शर्मा एवं सज्जन महर्षि सहित अन्य सदस्यों ने जानकारी दी कि सभी स्थानों पर श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया। पूरे मार्ग में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला, जिससे गणगौर उत्सव की पारंपरिक गरिमा और भी अधिक उजागर हुई।
