सूरत : अंकलेश्वर में कचरे में मिले आयुष्मान कार्ड, हेल्थ सिस्टम पर उठे सवाल

सूरत के लाभार्थियों के कार्ड मिलने से मचा हड़कंप, जांच शुरू, गड़बड़ी या घोटाले की आशंका

सूरत : अंकलेश्वर में कचरे में मिले आयुष्मान कार्ड, हेल्थ सिस्टम पर उठे सवाल

सूरत। अंकलेश्वर में कचरे के ढेर से बड़ी संख्या में आयुष्मान कार्ड मिलने की घटना ने पूरे साउथ गुजरात के हेल्थ सिस्टम को झकझोर दिया है। खास बात यह है कि इनमें से कई कार्ड सूरत के लाभार्थियों के बताए जा रहे हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, अंकलेश्वर के भीड़भाड़ वाले अंसार मार्केट इलाके के पास कचरे में हजारों आयुष्मान कार्ड पड़े मिले। यह मामला सामने आते ही कई सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर ये कार्ड यहां कैसे पहुंचे और इन्हें कचरे में किसने फेंका।

घटना की जानकारी मिलते ही तालुका हेल्थ ऑफिसर डॉ. सुशांत कोठालावाला ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हेल्थ विभाग की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने वहां से बड़ी संख्या में कार्ड जब्त किए हैं और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि कहीं यह कोई बड़ी लापरवाही या संगठित घोटाले का हिस्सा तो नहीं है।

गौरतलब है कि भरूच और सूरत जिलों में पहले भी आयुष्मान कार्ड के दुरुपयोग के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं किसी अस्पताल या एजेंसी ने सबूत मिटाने के लिए इन कार्ड्स को कचरे में तो नहीं फेंका।

फिलहाल हेल्थ डिपार्टमेंट कार्ड में मौजूद डेटा के आधार पर उनकी पहचान और स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रहा है। इस घटना से आम लोगों में नाराजगी है और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। अब जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।

Tags: Surat