सूरत में पहली बार फैमिली थेरेपी ट्रेनिंग प्रोग्राम, प्रोफेशनल्स को मिलेगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का मार्गदर्शन

आगामी 23 से 27 मार्च तक पिपलोद में आयोजित वर्कशॉप में देशभर के विशेषज्ञ होंगे शामिल, यूरोप की एक्सपर्ट करेंगी लीड

सूरत में पहली बार फैमिली थेरेपी ट्रेनिंग प्रोग्राम, प्रोफेशनल्स को मिलेगा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का मार्गदर्शन

बदलते सामाजिक परिवेश में बच्चों और किशोरों में पारिवारिक तनाव, संवाद की कमी और व्यवहार संबंधी समस्याओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐसे में फैमिली थेरेपी एक प्रभावी और आवश्यक समाधान के रूप में उभरकर सामने आई है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए सूरत शहर में पहली बार प्रोफेशनल्स को और अधिक सक्षम बनाने के उद्देश्य से फैमिली थेरेपी ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है।

सूरत में मेंटल हेल्थ सेवाओं की सीमित उपलब्धता और विभिन्न प्रकार के मामलों पर काम करने वाले सेंटरों की कमी को देखते हुए यह पहल की गई है। इस दिशा में शहर का साइलेंस सेंटर, जो मेंटल हेल्थ के क्षेत्र में क्लिनिकल सेवाओं और प्रोफेशनल ट्रेनिंग के लिए एक अग्रणी संस्थान के रूप में कार्यरत है, इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। सेंटर अब तक 15,000 से अधिक लोगों—बच्चों, किशोरों, युवाओं, मध्यम आयु वर्ग और बुजुर्गों—को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न चुनौतियों में सहायता प्रदान कर चुका है।

यह पांच दिवसीय ट्रेनिंग वर्कशॉप 23 मार्च से 27 मार्च तक पिपलोद स्थित सेंटर में प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित होगी। कार्यक्रम विशेष रूप से साइकोलॉजिस्ट, काउंसलर, सोशल वर्कर, शिक्षक और मेंटल हेल्थ सेक्टर से जुड़े अन्य प्रोफेशनल्स के लिए तैयार किया गया है। इसके साथ ही सूरत के मेंटल हेल्थ क्षेत्र के कई अग्रणी विशेषज्ञ भी इसमें भाग लेंगे।

कार्यक्रम का नेतृत्व यूरोप की अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फैमिली थेरेपी विशेषज्ञ एनेट क्रूज़ स्मोलिंस्की करेंगी। उन्हें फैमिली थेरेपी और सिस्टमिक अप्रोच में व्यापक अनुभव है और वे वैश्विक स्तर पर ट्रेनिंग एवं सुपरविजन के लिए जानी जाती हैं। उनका कार्य मुख्य रूप से पारिवारिक संबंधों, संवाद और इंटरेक्शन पैटर्न की गहरी समझ विकसित करने पर केंद्रित है।

इस वर्कशॉप में सीनियर क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. सुदीप्ता रॉय (30+ वर्षों का अनुभव) को-फैसिलिटेटर के रूप में जुड़ेंगी। उन्हें क्लिनिकल प्रैक्टिस, ट्रेनिंग और सुपरविजन में विशेष महारत हासिल है, खासकर जटिल मामलों के प्रबंधन और थेराप्यूटिक इंटरवेंशन में। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव और गहन समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।

गौरतलब है कि इस प्रकार का फैमिली थेरेपी ट्रेनिंग प्रोग्राम गुजरात में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। इसमें गुजरात के अलावा कोलकाता, चंडीगढ़, बेंगलुरु और पुणे सहित देश के विभिन्न शहरों से प्रतिभागी शामिल होंगे। साथ ही, ऑनलाइन माध्यम से भी इसमें भाग लेने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

Tags: Surat