सूरत : बुलेट ट्रेन स्टेशन का स्ट्रक्चरल काम पूरा, फिनिशिंग और ट्रैक कार्य जारी

NHSRCL ने कई स्टेशनों की प्रोग्रेस रिपोर्ट जारी की, मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं पर फोकस

सूरत : बुलेट ट्रेन स्टेशन का स्ट्रक्चरल काम पूरा, फिनिशिंग और ट्रैक कार्य जारी

सूरत । मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन के निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल)द्वारा जारी प्रोग्रेस रिपोर्ट के अनुसार, स्टेशन बिल्डिंग का स्टील स्ट्रक्चरल और रूफ शीटिंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि फिनिशिंग और अन्य कार्य तेजी से जारी हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेशन पर फॉल्स सीलिंग, दीवार और कॉलम क्लैडिंग, प्लेटफॉर्म और कॉनकोर्स फ्लोरिंग का काम प्रगति पर है। इसके अलावा ट्रैक बिछाने का कार्य भी जारी है।

एनएचएसआरसीएल ने सूरत के साथ-साथ बिल्लीमोरा, वापी, भरूच, आनंद और वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशनों के लिए मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन (एमएमआई) और स्टेशन एरिया डेवलपमेंट के कॉन्ट्रैक्ट पहले ही जारी कर दिए हैं। यह कदम यात्रियों के लिए एकीकृत और आधुनिक परिवहन ढांचा विकसित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

इस परियोजना के तहत स्टेशनों को बस, टैक्सी, निजी वाहनों और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों से जोड़ा जाएगा, जिससे लास्ट माइल कनेक्टिविटी में सुधार होगा। साथ ही, स्टेट-ऑफ-द-आर्ट स्टेशन प्लाजा विकसित किए जा रहे हैं, जो यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा अनुभव सुनिश्चित करेंगे।

स्टेशन एरिया डेवलपमेंट में पार्किंग, पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ ज़ोन, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ, आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग, साइनेज सिस्टम, सीसीटीवी निगरानी, लैंडस्केपिंग और फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

अन्य स्टेशनों की प्रगति पर नजर डालें तो बिलिमोरा, वापी और भरूच स्टेशनों पर स्लैब कास्टिंग और स्ट्रक्चरल स्टील का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि आर्किटेक्चरल फिनिशिंग और इलेक्ट्रिकल कार्य जारी हैं। वहीं आनंद स्टेशन पर रूफ शीटिंग, लिफ्ट और एस्केलेटर इंस्टॉलेशन पूरा हो चुका है, जबकि वडोदरा स्टेशन पर विभिन्न स्तरों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है।

यह प्रोजेक्ट देश में हाई-स्पीड और आधुनिक रेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जो यात्रियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।