सूरत में गूंजी बाबा गंगाराम की महिमा, भक्ति और सेवा के संगम के साथ संपन्न हुआ 5वां वंदना महोत्सव

अग्रसेन भवन में भजन संध्या, सामूहिक महाआरती और महाप्रसाद का आयोजन; दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर भेंट कर समाजसेवा का संदेश

सूरत में गूंजी बाबा गंगाराम की महिमा, भक्ति और सेवा के संगम के साथ संपन्न हुआ 5वां वंदना महोत्सव

हीरा नगरी सूरत के सिटीलाइट स्थित अग्रसेन भवन में रविवार, 15 मार्च 2026 को बाबा गंगाराम सेवा समिति द्वारा आयोजित 5वां वार्षिक “बाबा गंगाराम वंदना महोत्सव” श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पंचवटी हॉल बाबा गंगाराम के जयकारों और सुमधुर भजनों से देर रात तक गूंजता रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4:15 बजे बाबा की अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ हुआ। महोत्सव में कोलकाता से आए सुप्रसिद्ध भजन गायक संजय शर्मा तथा सूरत की उभरती गायिका सुश्री अनन्या शिओटिया ने अपनी मधुर प्रस्तुति से भक्तों को भावविभोर कर दिया। देर रात तक चली भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति रस में झूमते नजर आए। बाबा का दरबार आधुनिक एलईडी तकनीक और आकर्षक पुष्प सज्जा से अलौकिक रूप में सुसज्जित किया गया था।

इस अवसर पर समिति ने भक्ति के साथ सेवा का संदेश देते हुए “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना को चरितार्थ किया। महोत्सव के दौरान जरूरतमंद दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर भेंट कर समाजसेवा की प्रेरक पहल की गई। समिति के सदस्यों ने बताया कि बाबा गंगाराम का आशीर्वाद समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

भक्तों द्वारा बाबा को श्रद्धापूर्वक 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सामूहिक महाआरती में भाग लेकर विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित भव्य महाप्रसाद (भंडारा) में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बाबा गंगाराम सेवा समिति, सूरत ने इस सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं, दानदाताओं और उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Tags: Surat