सूरत : श्री सोमोलाई हनुमान गौशाला में गौभक्त स्नेह मिलन एवं भंडारे का आयोजन
भजन-कीर्तन की धुन पर झूमे श्रद्धालु, गौसेवा और पंचगव्य के महत्व पर किया गया प्रकाश
श्री गौ सेवा समिति द्वारा संचालित श्री सोमोलाई हनुमान गौशाला, टोरेंट पावर के आगे गाय पगला, धोरण पारडी गांव में रविवार को गौभक्त स्नेह मिलन एवं भंडारे का आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गौभक्त शामिल हुए और भजन-कीर्तन के साथ गौसेवा के महत्व का संदेश दिया गया।
संस्था के सचिव अनिल गुप्ता ने बताया कि इस बार स्नेह मिलन, भंडारा और गौमाता को लापसी अर्पित करने का आयोजन श्री श्याम गुणगान सेवा समिति, सूरत की ओर से किया गया। शहर से लगभग 28 किलोमीटर दूर स्थित गौशाला में करीब 300 गौभक्तों ने उपस्थित होकर गौमाता के दरबार में श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान बांसुरी और चंग की थाप पर भजन-कीर्तन की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन गायक प्रमोद कोठारी, राधिका तोदी, अर्चना अग्रवाल और निधि अग्रवाल ने “बाबा श्याम के दरबार”, “मची रे होली” सहित कई भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, भक्ति भाव में झूम उठीं।
संस्था के अध्यक्ष अरुण पाटोदिया ने अपने संबोधन में गौमाता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि गौमाता के गोबर, गौमूत्र और पंचगव्य का आयुर्वेदिक दृष्टि से विशेष महत्व है तथा गौपालन और गौसेवा समाज के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने गौशाला में संचालित गौपालन की गतिविधियों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में संस्था की ओर से आगंतुक अतिथियों का स्वागत कर उन्हें गौमाता का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। इसके बाद गौमाता की आरती की गई और सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर दीपक बंका, श्यामजी अग्रवाल, अशोक केडिया, कैलाश केजरीवाल, मनीष जगनानी, रमेश कनोड़िया, रघुवीर सिंह, श्रवण बजाज, रमेश चौकड़िका, सुरेश सराफ, दामोदर करवा सहित माजीसा महिला मंडल, मानसरोवर महिला मित्र मंडल और हरिओम महिला मंडल के सदस्य सहित बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे।
