सूरत नगर निगम में जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त, अब प्रशासक संभालेंगे जिम्मेदारी

महापौर, उपमहापौर और स्थायी समिति अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारी निजी वाहनों से घर रवाना; मई में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की संभावना

सूरत नगर निगम में जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त, अब प्रशासक संभालेंगे जिम्मेदारी

सूरत। सूरत नगर निगममें पार्षदों और पदाधिकारियों का पांच वर्ष का कार्यकाल बुधवार शाम को समाप्त हो गया। इसके साथ ही नगर निगम के प्रशासन की जिम्मेदारी अब प्रशासक के हाथों में आ गई है।

कार्यकाल के अंतिम दिन नगर निगम कार्यालय में कार्यकर्ताओं, मित्रों और परिवारजनों की काफी भीड़ देखने को मिली। पिछले ढाई वर्षों से महापौर पद संभाल रहे दक्षेश मावाणी, उप महापौर डॉ. नरेन्द्र पाटील, स्थायी समिति अध्यक्ष राजन पटेल सहित विभिन्न समितियों के अध्यक्षों का कार्यकाल भी बुधवार को पूरा हो गया।

बुधवार सुबह सभी पदाधिकारी सरकारी वाहनों से कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन कार्यालय समय समाप्त होने के बाद वे अपने निजी वाहनों से घर के लिए रवाना होते दिखाई दिए।

अब नगर निगम में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रशासनिक व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान प्रशासक आईएएस मिलिंद तोरवणे और नगर आयुक्त एम. नागराजन मिलकर नगर निगम का कामकाज संभालेंगे। 

सूत्रों के अनुसार, नगर निगम के चुनाव संपन्न होने के बाद मई महीने में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति होने की संभावना जताई जा रही है। तब तक शहर के विकास और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी प्रशासक और नगर आयुक्त के पास रहेगी।

Tags: Surat