सूरत : सचिन होजीवाला में केमिकल वेयरहाउस में भीषण आग

केमिकल ड्रम और बॉयलर फटने से गिरी दो मंजिला इमारत; 5 किमी दूर से दिखा धुएं का गुबार, 20 से ज्यादा फायर टेंडरों ने पाया काबू

सूरत : सचिन होजीवाला में केमिकल वेयरहाउस में भीषण आग

सूरत। शहर के सचिन जीआईडीसी क्षेत्र के होजीवाला कंपाउंड में स्थित एक केमिकल वेयरहाउस में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद गोदाम के अंदर रखे केमिकल ड्रम और गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक 30 से अधिक धमाके हुए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार,एथर इंडस्ट्रीज के वेयरहाउस में आग लगने के बाद तेज धमाकों के साथ केमिकल ड्रम फटने लगे और आग तेजी से फैलती चली गई। धमाकों के कारण गोदाम की दो मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिर गया और आग पास की कई औद्योगिक इकाइयों तक पहुंच गई।

आग की लपटें और धुआं करीब 4 से 5 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। धमाकों के असर से आसपास की इमारतों के कांच भी टूट गए और कई जगह रखा सामान जलकर राख हो गया। आग फैलने से पास स्थित श्री गीता टिंबर प्लाईवुड और शक्ति प्लाईवुड के गोदाम भी चपेट में आ गए, जिसमें श्री गीता टिंबर प्लाईवुड का गोदाम पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सूरत फायर एन्ड इमरजन्सी सर्विसीस की 20 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। केमिकल में आग लगने के कारण फायरफाइटर्स को ऑक्सीजन मास्क पहनकर आग बुझाने का काम करना पड़ा। तेज धुएं के कारण आसपास मौजूद लोगों ने आंखों और गले में जलन की शिकायत भी की।

घटना की जानकारी देते हुए राजेश परमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक आग वेयरहाउस में लगी थी। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने एक किलोमीटर के दायरे को घेर लिया था और फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने में जुटी रही।

फायर अधिकारी जयदीप इशरानी के अनुसार आग ने आसपास के चार औद्योगिक यूनिटों को अपनी चपेट में ले लिया था, जिनमें एक मिल, एक इंडस्ट्री और यार्न का गोदाम शामिल था। दमकलकर्मियों ने यार्न गोदाम और दो लकड़ी मिलों में लगी आग पर काबू पा लिया, जबकि मुख्य यूनिट में आग बुझाने का काम जारी रहा।

उन्होंने बताया कि आग के दौरान बॉयलर और गैस सिलेंडर में बड़े धमाके हुए, जिससे कंपनी का एक हिस्सा ढह गया। हालांकि दमकल विभाग की लगातार कोशिशों के बाद शाम करीब 4 बजे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन कूलिंग की प्रक्रिया कई घंटों तक जारी रही।

फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन गोदाम में रखे केमिकल और अन्य सामान को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर करीब एक बजे आग बेहद भयानक रूप ले चुकी थी और लगातार हो रहे धमाकों से आसपास के उद्योगों में काम करने वाले लोग दहशत में आ गए थे। हालांकि दमकल विभाग की समय पर कार्रवाई से आग को और फैलने से रोक लिया गया।

गौरतलब है कि नवंबर 2023 में भी इसी औद्योगिक क्षेत्र में आग की बड़ी घटना हुई थी, जिसमें कई मजदूरों की मौत हो गई थी।

एथर इंडस्ट्रीज लिमिटेड का बयान...
बुधवार दोपहर करीब 13:00 बजे सचिन के होजीवाला इंडस्ट्रियल एस्टेट में एथर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के गोदाम में आग लगने की खबर मिली। फायर ब्रिगेड और संबंधित टीमों ने आग पर तुरंत काबू पाने के लिए तेजी से कार्रवाई की और दोपहर करीब 15:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।शुरुआती जानकारी के अनुसार, पास की एक दूसरी कंपनी की जगह में आग लगी थी, जो बाद में एथर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कुछ हिस्सों में फैल गई।
इस घटना से कंपनी की किसी भी बड़ी फैसिलिटी या प्रोडक्शन प्रोसेस में कोई रुकावट नहीं आई और सभी ऑपरेशन सामान्य रूप से चल रहे हैं। इसके अलावा, इस घटना में किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है।
कंपनी ने सभी ज़रूरी सुरक्षा और सावधानी के उपाय किए हैं और स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में है। - प्रवक्ता, एथर इंडस्ट्रीज लिमिटेड सूरत

Tags: Surat