सूरत : श्री सालासर हनुमान सेवा समिति द्वारा 1 एवं 2 अप्रैल को धूमधाम से मनाया जाएगा 21वां श्री हनुमान जन्मोत्सव
सालासर बालाजी मंदिर में सुंदरकांड, भजन संध्या, भव्य शोभायात्रा और महाप्रसाद का आयोजन
श्री सालासर हनुमान सेवा समिति द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 21वां श्री हनुमान जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। यह दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव 1 और 2 अप्रैल 2026 को जलवंत टाउनशिप, बॉम्बे मार्केट पूना गाम रोड स्थित त्रिकम नगर के श्री सालासर बालाजी मंदिर में आयोजित किया जाएगा।
समिति की ओर से बताया गया कि इस अवसर पर कई भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 1 अप्रैल 2026 को सुबह 9:15 बजे महिला संगठन द्वारा भव्य संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन होगा। वहीं शाम 7:15 बजे से बालाजी का भव्य दरबार, अखंड ज्योत और छप्पन भोग के साथ भजन संध्या आयोजित की जाएगी। भजन संध्या में श्याम जगत के प्रसिद्ध भजन गायक अजीत दाधीच अपने मनमोहक भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।
महोत्सव के दूसरे दिन 2 अप्रैल को सुबह 7:15 बजे से सुंदर झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 10:30 बजे से भक्तों द्वारा श्री सवामनी के भोग अर्पित किए जाएंगे। वहीं शाम 7:15 बजे से विशाल महाप्रसाद का आयोजन होगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को सपरिवार आमंत्रित किया गया है।
समिति के अनुसार बालाजी धाम में आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं बालाजी महाराज की कृपा से पूर्ण होती हैं। श्रद्धालु इस पावन अवसर पर विशेष सवामनी भोग की सेवा 11,000 रुपये तथा सवामनी भोग 5,100 रुपये के सेवा शुल्क के साथ अर्पित कर इस पुण्य कार्य में अपना योगदान दे सकते हैं। समिति ने सभी भक्तों से आग्रह किया है कि वे सपरिवार इस भव्य उत्सव में शामिल होकर बालाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें।
