सूरत : अग्रवाल समाज हेल्थ सेंटर में निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन कैंप आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भामाशाहों के सहयोग से बेटियों को लगाई गई वैक्सीन, 19 मार्च को लगेगा दूसरा कैंप

सूरत : अग्रवाल समाज हेल्थ सेंटर में निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन कैंप आयोजित

अग्रवाल समाज हेल्थ सेंटर में पिछले चार वर्षों से सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर प्रतिरोधक वैक्सीन किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है। जनवरी 2026 से भामाशाहों के सहयोग से इस वैक्सीन को निःशुल्क उपलब्ध कराने की मुहिम शुरू की गई, जिसे अपेक्षा से अधिक सफलता मिली है।

इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए भामाशाह गोविंद सरावगी (लक्ष्मीपति ग्रुप) ने दो विशेष वैक्सीनेशन कैंप आयोजित कराने की स्वीकृति दी है। इनमें से पहला कैंप अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को आयोजित किया गया, जबकि दूसरा कैंप 19 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कैंप में महिला चिकित्सक डॉ. आयुषी संदीप सिंगल ने सभी लाभार्थियों को सर्वाइकल कैंसर प्रतिरोधक वैक्सीन लगाकर अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर समाज की ओर से वैक्सीन लगवाने वाली सभी बेटियों को फूड पैकेट भी वितरित किए गए।

कैंप के सफल आयोजन में हेल्थ सेंटर के चेयरमैन श्रवण अग्रवाल, प्रभारी विनोद चिड़ावावाला, पूर्व चेयरमैन अरविंद गाड़िया, समाज सचिव राजकुमार अग्रवाल, पूर्व सचिव संदीप सिंगल, विमल झांझरिया, सुशील मोदी और प्रभात जालान ने व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली।

Tags: Surat