फ़ाइनल में चुनौतियां अलग होंगी लेकिन हमें ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद : सैंटनर

फ़ाइनल में चुनौतियां अलग होंगी लेकिन हमें ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद : सैंटनर

कोलकाता, 05 मार्च (वेब वार्ता)। टी20 विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ मिली बड़ी जीत के बाद अब मिचेल सैंटनर की नजर अहमदाबाद में होने वाले फ़ाइनल पर है। सेमीफ़ाइनल में उनकी टीम ने 170 रनों के लक्ष्य को सिर्फ़ 12.3 ओवरों में हासिल कर लिया।

इस जीत के बाद सैंटनर ने कहा है कि उनकी पूरी कोशिश होगी कि फ़ाइनल में भी इसी तरह के प्रदर्शन को दोहराया जाए, लेकिन उन्हें यह भी पता है कि फ़ाइनल की पिच और परिस्थितियां बिल्कुल अलग होंगी।

ईडन गार्डन्स के मैदान पर न्यूज़ीलैंड की टीम ने मैच की शुरुआत से ही दक्षिण अफ़्रीका पर दबाव बनाए रखा। पावरप्ले में ही उनके गेंदबाज़ों ने क्विंटन डी कॉक और रायन रिकलटन का विकेट गिरा दिया था।

इसके बाद जब न्यूज़ीलैंड की बल्लेबाज़ी की बारी आई तो फ़िन एलन और टिम साइफ़र्ट ने पावरप्ले में ही 84 रन बना कर 170 के लक्ष्य को काफ़ी छोटा बना दिया। सैंटनर ने मैच के बाद कहा, “अगर हम पावरप्ले में विकेट गंवा देते तो मुकाबला थोड़ा मुश्किल हो सकता था। लेकिन फ़िन और साइफ़र्ट ने शुरुआत से ही आक्रमणजारी रखा।

विकेट गिरने के बाद भी फ़िन ने वही लय बनाए रखी। गेंदबाज़ी में हमने पहले दो ओवर के लिए एक योजना बना कर रखी थी, जहां हमने मकौंकी का इस्तेमाल करते हुए विकेट हासिल किए।

इसके बाद हमने सोचा था कि मैच जैसा चलेगा, हम उसी हिसाब से फ़ैसले लेंगे।” सैंटनर की बात से दक्षिण अफ़्रीका के कप्तान एडन मारक्रम भी सहमत नजर आए। उन्होंने एलन की पारी का ज़िक्र करते हुए कहा, “जब कोई बल्लेबाज़ उस तरह की पारी खेल देता है तो अक्सर मैच आपके पक्ष में नहीं जाता।

ऐसे में 170 तक पहुंचना भी ईमानदारी से कहूं तो अच्छी कोशिश थी। टी20 क्रिकेट में अक्सर ऐसा होता है कि अगर पावरप्ले में टीम तेज शुरुआत कर ले तो मैच का रुख वहीं तय हो जाता है। फ़िन एलन की पारी और टिम साइफ़र्ट की पारी को बहुत बड़ा श्रेय जाता है। उन्होंने बहुत जल्दी मैच को हमारे हाथ से निकाल दिया।”

एलन का यह शतक पुरुष टी20 विश्व कप इतिहास के नॉकआउट में पहला शतक है। पुरुष टी20 इतिहास में यह संयुक्त तौर पर तीसरा सबसे तेज़ शतक भीथा। इसके अलावा साइफ़र्ट और एलन की जोड़ी किसी पुरुष टी20 सीरीज़ या टूर्नामेंट में सर्वाधिक रनों की साझेदारी करने वाली जोड़ी बन गई है।

इस साझेदारी के बारे में सैंटनर ने कहा, “यह एक ख़ास प्रदर्शन था। ब्रेक के समय 170 का स्कोर हमें अच्छा लग रहा था, लेकिन टी20 में कुछ कहा नहीं जा सकता। अगर पावरप्ले में विकेट गिर जाते तो मुकाबला थोड़ा मुश्किल हो सकता था। लेकिन उन्होंने शुरुआत से ही आक्रमण जारी रखा। फ़िनी ने वही लय बनाए रखी। अगर हम ऐसा फिर कर सकें तो बहुत अच्छा होगा।”

टीम की योजना के बारे में उन्होंने कहा, “हर बार जब आप मैदान पर उतरते हैं और कोई मैच हारते हैं तो उससे कुछ न कुछ सीखते हैं। आज हमारा फ़ोकस यही था कि पूरे मैच में दबाव बनाए रखें। जब आप लगातार विकेट लेते रहते हैं तो बल्लेबाज़ी कर रही टीम के लिए लय बनाए रखना मुश्किल हो जाता है।”

इससे पहले लीग स्टेज के दौरान न्यूज़ीलैंड को दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ हार का सामना करना पड़ा था। उनसे पूछा गया कि क्या उनकी टीम ने उस हार से कुछ सीखा था। उस सवाल का जवाब देते हुए सैंटनर ने कहा, “आप जानते हैं कि दक्षिण अफ़्रीका कितनी मज़बूत टीम है।

हर बार जब आप मैदान पर उतरते हैं और कोई मैच हारते हैं तो उससे कुछ न कुछ सीखते हैं। आज हमारा फ़ोकस यही था कि पूरे मैच में दबाव बनाए रखें।” अहमदाबाद में होने वाले फ़ाइनल के बारे में सैंटनर ने कहा, “अगला मैदान अलग होगा।

लाल मिट्टी और काली मिट्टी की पिच में फर्क़ होता है और कई तरह के कारक होते हैं। लेकिन इस मैच से पहले हम कुछ हिस्सों में अच्छा खेल रहे थे। आज हम पूरे मैच में अच्छे रहे। उम्मीद है कि फ़ाइनल में भी वैसा ही खेलेंगे।”