संजू सैमसन ने तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड, विंडीज के खिलाफ जीत के बाद पिच पर मनाया जश्न
कोलकाता, 02 मार्च (वेब वार्ता)। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। संजू सैमसन ने नाबाद 97 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।
भारतीय टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 196 रनों का पीछा 19.2 ओवर में पूरा कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला किसी वर्चुअल क्वार्टर फाइनल से कम नहीं था।
जीत ही आगे का रास्ता तय करने वाली थी।
इस अहम मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए अंत तक नाबाद रहकर टीम को यादगार जीत दिलाई। उन्होंने 50 गेंदों में 97 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।
विराट कोहली का रिकॉर्ड टूटा
संजू सैमसन की इस पारी के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के लिए सबसे बड़ी मैच जिताऊ पारी का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम से बदल गया। कोहली ने 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में नाबाद 82 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी।
अब सैमसन ने 97 रन बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने 2016 टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से मिली हार का बदला भी बराबर कर लिया।
संजू सैमसन का ये वीडियो हुआ वायरल
टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले संजू सैमसन की फॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे थे और उन्हें शुरुआती मैचों में सीमित मौके ही मिले थे। इस मुकाबले में उन पर अतिरिक्त दबाव था, लेकिन उन्होंने इसे यादगार बना दिया।
जीत दिलाने वाला चौका लगाने के बाद सैमसन मैदान पर बैठकर भगवान का शुक्रिया अदा करते नजर आए, जो उनके लिए भावुक पल था।
टीम इंडिया ने रचा इतिहास
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में 195 रन का लक्ष्य हासिल कर भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया। इससे पहले टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप के इतिहास में इतना बड़ा लक्ष्य कभी सफलतापूर्वक चेज नहीं किया था।
दबाव भरे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार संयम और आक्रामकता का प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य को हासिल किया। शुरुआत से ही टीम ने सकारात्मक रवैया अपनाया और बीच के ओवरों में रन गति बनाए रखी।
आखिर तक संघर्ष करते हुए भारत ने मैच अपने नाम किया और यह जीत टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे यादगार सफल रन चेज में शामिल हो गई।
