टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से दी करारी शिकस्त

 डिफेंडिंग चैंपियन का विजय रथ रुका, अब सेमीफाइनल की राह हुई कठिन

टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से दी करारी शिकस्त

अहमदाबाद, 23 फरवरी (वेब वार्ता)। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सुपर-8 के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। इस हार के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में भारत का लगातार 12 मैच जीतने का शानदार सिलसिला भी टूट गया। 

दक्षिण अफ्रीका के 187 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया महज 111 रनों पर ढेर हो गई। मार्को जेनसन की घातक गेंदबाजी (4-22) के आगे भारतीय बल्लेबाज टिक नहीं सके और पावरप्ले में ही 31 रन पर 3विकेट खोकर टीम दबाव में आ गई। शिवम दुबे ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई सहयोग नहीं मिला।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही थी और उसने 20 रन पर ही 3 विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, डेविड मिलर (63) और डेवाल्ड ब्रेविस (45) ने 97 रनों की तूफानी साझेदारी कर मैच का पासा पलट दिया।अंत में ट्रिस्टन स्टब्स की नाबाद 44 रनों की पारी ने स्कोर 187 तक पहुँचाया।

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। इस प्रदर्शन के साथ ही बुमराह (33 विकेट) रविचंद्रन अश्विन को पछाड़कर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं।

इस करारी हार ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारत का नेट रन रेट गिरकर -3.8 हो गया है, जो नॉकआउट की रेस में बड़ी बाधा बन सकता है। अब सेमीफाइनल में पहुँचने के लिए भारत को अपने अगले दोनों मुकाबले (26 फरवरी को जिम्बाब्वे और 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ) न केवल जीतने होंगे, बल्कि जीत का अंतर भी बहुत बड़ा रखना होगा।

यदि टीम इंडिया बड़े अंतर से जीत दर्ज नहीं कर पाती है, तो डिफेंडिंग चैंपियन होने के बावजूद उसे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ सकता है।