टी20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए भारत और जिम्बाब्वे समेत 12 टीमों का स्थान पक्का

 सुपर-8 में पहुंचते ही मिला डायरेक्ट टिकट, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड करेंगे मेजबानी

टी20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए भारत और जिम्बाब्वे समेत 12 टीमों का स्थान पक्का

हैदराबाद, 19 फरवरी (वेब वार्ता)। आईसीसी के नियमों के अनुसार, भारत और श्रीलंका में जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में जगह बनाने वाली टीमों ने 2028 में होने वाले अगले विश्व कप के लिए सीधे तौर पर क्वालीफाई कर लिया है।

इस नियम के तहत भारत, पाकिस्तान, जिम्बाब्वे, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड को कंफर्म टिकट मिल गया है। जिम्बाब्वे इस बार टूर्नामेंट के सबसे बड़े सरप्राइज पैकेज के रूप में उभरा है, जिसने अपने शानदार प्रदर्शन से अगले विश्व कप में अपनी जगह सुरक्षित की है।

2028 टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से करेंगे, जिसके कारण उन्हें ‘होस्ट’ के तौर पर सीधा प्रवेश मिला है। कुल 12 टीमें ऑटोमैटिक क्वालीफाई करती हैं, जिनमें से बाकी तीन स्थान आईसीसी टी20 रैंकिंग के आधार पर तय किए गए हैं।

रैंकिंग के हिसाब से बांग्लादेश, अफगानिस्तान और आयरलैंड वे तीन टीमें हैं जिन्हें 2028 के लिए क्वालीफिकेशन मिल गया है। टूर्नामेंट की शेष 8 टीमों का चयन दुनिया भर में आयोजित होने वाले रीजनल क्वालीफायर मुकाबलों के जरिए किया जाएगा।

वर्तमान टी20 वर्ल्ड कप 2026 का अगला रोमांचक राउंड 21 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, जो 1 मार्च तक चलेगा। सुपर-8 के मैचों का आयोजन भारत और श्रीलंका में किया जाएगा, जहाँ से चार टीमें सेमीफाइनल के लिए नॉकआउट राउंड में पहुंचेंगी।

भारत इस समय डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान में है, वहीं दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसी टीमें अपने पहले खिताब की तलाश में हैं। सुपर-8 में पहुंचने वाली सभी आठ टीमें अब बिना किसी दबाव के खिताब के लिए भिड़ेंगी क्योंकि उनका 2028 का टिकट पहले ही पक्का हो चुका है।