वडोदरा : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर वडोदरा में गूंजेगी ‘स्वर शक्ति’ की सुरधारा
सर्व महिला संगीत समूह की पहल, पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ क्लासिकल से मॉडर्न संगीत तक होंगी विशेष प्रस्तुतियां
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर में महिला कलाकारों की प्रतिभा को मंच देने के लिए एक विशेष संगीत कार्यक्रम ‘स्वर शक्ति’ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 8 मार्च को महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स में आयोजित होगा और आम जनता के लिए निःशुल्क रहेगा।
यह पहल शहर में एक पेशेवर ऑल-विमेन म्यूजिशियन ग्रुप के गठन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम में भारतीय संगीत परंपरा में महिलाओं के योगदान को सम्मान देते हुए शास्त्रीय गायन, ग़ज़ल, लोक संगीत, सॉफ्ट म्यूजिक, इंस्ट्रुमेंटल और आधुनिक संगीत शैलियों की विविध प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इस संगीत समूह में वडोदरा की 15 से 50 वर्ष और उससे अधिक आयु की प्रतिभाशाली महिलाएं शामिल हैं। इनमें छात्राएं, गृहिणियां और कामकाजी महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत के साथ-साथ आधुनिक संगीत की भी प्रशिक्षण दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान कलाकार हारमोनियम, तबला, ढोल और वायलिन जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ अपनी प्रस्तुति देंगी।
इस पहल का नेतृत्व अशिता लिमये और सचिन लिमये कर रहे हैं। उनका उद्देश्य वडोदरा से एक पेशेवर महिला संगीत बैंड तैयार करना है, जो बड़े मंचों पर प्रदर्शन कर शहर का प्रतिनिधित्व कर सके।
आयोजकों के अनुसार ‘स्वर शक्ति’ केवल एक संगीत कार्यक्रम नहीं बल्कि महिलाओं की आवाज और प्रतिभा को सशक्त बनाने की पहल है। कार्यक्रम को सफल बनाने में चार्जज़ोन की ओर से मिले सहयोग के लिए किन्नरी हरियाणी का भी विशेष आभार व्यक्त किया गया है।
कार्यक्रम में लोकप्रिय रियलिटी शो इंडियन आइडल की फाइनलिस्ट और वडोदरा की उभरती गायिका काव्या लिमये की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजकों का मानना है कि उनकी उपस्थिति नए कलाकारों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी और यह संदेश देगी कि स्थानीय प्रतिभाएं भी सही मंच मिलने पर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकती हैं।
