सूरत : श्री कृष्णाराज विद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पुस्तक मेला और फ्लावर शो का किया शैक्षणिक भ्रमण
बीआरटीएस बस से पहुंचे विद्यार्थियों ने पुस्तकों, पौधों और विविध प्रदर्शनों का लिया आनंद
श्री कृष्णाराज विद्यालय, 78 छत्रपति शिवाजी नगर, बमरोली रोड, पांडेसरा के कक्षा 6 से 11 तक के हिन्दी माध्यम के विद्यार्थियों ने 28 फरवरी 2026, शनिवार को सूरत महानगर पालिका द्वारा वीर नर्मद विश्वविद्यालय मैदान में आयोजित स्वामी विवेकानंद राष्ट्रीय पुस्तक मेला एवं फ्लावर शो का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकगण भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।
विद्यार्थी सूरत महानगर पालिका द्वारा संचालित सिटीलिंक-बीआरटीएस बस से यात्रा कर मेले में पहुंचे। पुस्तक मेले में विभिन्न डोम में प्रदर्शित विविध विषयों की पुस्तकों का अवलोकन किया गया। पुस्तक प्रेमी विद्यार्थियों ने अपनी रुचि अनुसार पुस्तकें खरीदीं, वहीं कुछ विद्यार्थियों ने नगर पालिका द्वारा उपलब्ध कराए गए नि:शुल्क पुस्तक डोम से पुस्तकें प्राप्त कीं।
इसके पश्चात विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ग्रुप फोटो खिंचवाए तथा सेल्फी पॉइंट पर स्मृति तस्वीरें लेकर उत्साह व्यक्त किया। फ्लावर शो में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के पुष्पों और पौधों को निहारा। विशेष डोम में प्रदर्शित पौधों की जानकारी भी प्राप्त की। कुछ विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गेंदे के पौधे, सजावटी पौधे तथा अन्य शो-पीस की खरीदारी भी की।
अंत में सभी विद्यार्थी पुनः बीआरटीएस बस से विद्यालय लौटे और वहां से अपने-अपने घर रवाना हुए। इस शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन शिक्षक संजय बराड़ के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य और समस्त शिक्षकगण का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
