वडोदरा मंडल द्वारा होली पर्व के अवसर पर विशेष ट्रेनों का परिचालन, मंडल रेल प्रबंधक ने किया वडोदरा स्टेशन का दौरा
डोदरा मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक रेल सेवा प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध
होली पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा वडोदरा रेलवे स्टेशन पर व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं। विशेष रूप से उत्तर भारत की ओर होली मनाने हेतु यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलायी जा रही हैं। व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने हेतु मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ आज वडोदरा स्टेशन का दौरा किया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यात्री सुविधाओं, टिकट व्यवस्था, स्वच्छता एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने बताया कि नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त वडोदरा से गोरखपुर, मऊ एवं जयपुर (खातीपुरा) गंतव्यों के लिए विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से त्योहार के दौरान अतिरिक्त भीड़ का सुव्यवस्थित प्रबंधन किया जा रहा है जिससे यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं समयबद्ध यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। अब तक वडोदरा से इन तीनों विशेष ट्रेनों की कुल 14 यात्राओं (ट्रिप्स) की अधिसूचना जारी की जा चुकी है।
उन्होंने आगे बताया कि पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के अधिकारी वडोदरा स्टेशन पर भीड़ की स्थिति की सतत निगरानी कर रहे हैं। अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती, प्रभावी उद्घोषणा व्यवस्था, स्वच्छता पर विशेष ध्यान तथा सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वडोदरा मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक रेल सेवा प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
