सूरत : गुजरात में पहली बार महिला वकीलों का संयुक्त महिला दिवस व तिलक होली समारोह
सूरत में ‘मर्दानी-3’ फिल्म प्रदर्शन सहित 500 से अधिक महिला अधिवक्ताओं की सहभागिता
सूरत। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और तिलक होली के अवसर पर इस वर्ष गुजरात में एक अनोखी पहल देखने को मिलेगी। पहली बार राज्यभर की महिला वकील एक साथ मिलकर महिला दिवस और तिलक होली का संयुक्त उत्सव मनाएंगी।
इस पहल की अगुवाई एडवोकेट प्रीति जोशी कर रही हैं, जो पिछले कई वर्षों से भारतीय परंपरा के तहत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और तिलक होली का आयोजन करती आ रही हैं। वे महिलाओं को कानून सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाने और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लगातार सामाजिक व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रही हैं।
उनकी ओर से पूर्व में तिलक होली, महिला दिवस समारोह, मेडिकल कैंप, सेल्फ-डिफेंस क्लास, संविधान दिवस कार्यक्रम, श्रावण मास में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा तथा कानूनी जागरूकता शिविर जैसे कई आयोजन किए जा चुके हैं।
इसी कड़ी में सोमवार, 2 मार्च 2026 को दोपहर 1 बजे सूरत स्थित गांधी सिनेमा हॉल में महिलाओं के लिए प्रेरणादायक फिल्म ‘मर्दानी-3’ का विशेष प्रदर्शन रखा गया है। इस कार्यक्रम में सूरत सहित गांधीनगर, वडोदरा, अहमदाबाद, गांधीधाम, कच्छ और नाडियाड जैसे विभिन्न शहरों से लगभग 500 महिला अधिवक्ताओं व वरिष्ठ महिलाओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम का आयोजन प्रीति जोशी की टीम की वरिष्ठ अधिवक्ताओं—दीपिका चावड़ा, बीना भगत, संगीता खूंट, शोभना छपिया, चेतना शाह और मनीषा शाह—द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह पहल गुजरात में महिला वकीलों की एकजुटता, सशक्तिकरण और सामाजिक भागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
