सूरत : राजस्थान युवा संघ का फागोत्सव 2026 का आगाज, “विकसित भारत 2047” थीम बनी आकर्षण का केंद्र
तुलसी पार्टी प्लॉट में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, थीम गैलरी और पारंपरिक लोकनृत्यों से सजा भव्य आयोजन
राजस्थान युवा संघ द्वारा आयोजित फागोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ गोडादरा रोड स्थित तुलसी पार्टी प्लॉट में हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस वर्ष उत्सव “विकसित भारत 2047” की प्रेरणादायी थीम पर आधारित है, जिसमें भविष्य के भारत की परिकल्पना को दर्शाती विशेष थीम गैलरी तैयार की गई। दिनभर समाजजनों ने उत्साहपूर्वक गैलरी का अवलोकन किया, जबकि रात्रि में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी एवं समाजसेवी अशोक सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके बाद गणेश वंदना, चंग धमाल और गिंदड़ की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राजस्थान से आए पनिहारी ग्रुप और वीणा ग्रुप ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखेरी, वहीं “बणी ठाणी” प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। उत्सव में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग की प्रसिद्ध भस्म आरती की झांकी भी प्रस्तुत की जा रही है, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।
संस्था अध्यक्ष विक्रम सिंह शेखावत ने बताया कि कार्यक्रम के संयोजक रामावतार पारीक एवं रमेश राठी हैं, जबकि सह-संयोजक विनोद सारस्वत और बनवारी झाझड़िया हैं। संघ वर्षों से फागोत्सव का आयोजन करता आ रहा है। पिछले वर्ष शिवशक्ति मार्केट में लगी आग के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था, लेकिन राजस्थान स्थापना दिवस पर आयोजित भव्य घूमर कार्यक्रम ने विश्व रिकॉर्ड बनाकर समाज का गौरव बढ़ाया।
आगामी दिनों में बरसाना शैली की फूलों की होली, मथुरा-वृंदावन की तर्ज पर इत्र होली, बाबा श्याम का विशाल दरबार, महाकाल की भस्म आरती की झांकी तथा प्रतिदिन चंग धमाल और गिंदड़ जैसे कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण रहेंगे। राजस्थान युवा संघ ने समाजजनों से सपरिवार उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया है। फागोत्सव 2026 के माध्यम से “विश्वगुरु भारत, समरस भारत और विकसित भारत-2047” का संकल्प समाज तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
