सूरत : मिलेनियम-1 मार्केट में भीषण आग से करोड़ों का कपड़ा राख, फायर ब्रिगेड ने 'ब्रिगेड कॉल' के जरिए पाया काबू

टॉप फ्लोर की 5-7 दुकानें जलकर खाक, शादियों के लिए तैयार साड़ियां और चनिया चोली हुए स्वाहा; धुआं भरने से मची अफरा-तफरी

सूरत : मिलेनियम-1 मार्केट में भीषण आग से करोड़ों का कपड़ा राख, फायर ब्रिगेड ने 'ब्रिगेड कॉल' के जरिए पाया काबू

सूरत। कमेला दरवाजा, रिंग रोड क्षेत्र स्थित मशहूर मिलेनियम-1 टेक्सटाइल मार्केट में शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे भीषण आग लग गई। आग मार्केट के टॉप फ्लोर की 5 से 7 दुकानों में लगी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

करीब 3600 दुकानों वाले इस बड़े मार्केट में आग की सूचना मिलते ही सूरत फायर ब्रिगेड ने ‘ब्रिगेड कॉल’ घोषित की। 9 से अधिक फायर स्टेशनों से 15 से 17 फायर इंजन मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने वॉटर कैनन और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

प्रभावित दुकानों में शादी सीजन के लिए रखी गई महंगी साड़ियां, वर्क वाली चनिया चोली, सिंथेटिक और सिल्क के कपड़ों का बड़ा स्टॉक मौजूद था। व्यापारियों के अनुसार, आग में करोड़ों रुपये का माल जलकर खाक हो गया। धुएं का गुबार दूर-दूर तक देखा गया, जिससे आसपास के अन्य मार्केट में भी दहशत फैल गई।

लिंबायत जोन के डिप्टी चीफ हरीश हेडू ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और कूलिंग की प्रक्रिया जारी है। आग लगने के सही कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

घटना के दौरान एहतियातन मार्केट की अन्य दुकानों को भी बंद कर दिया गया था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग पर काबू पाने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली, लेकिन नुकसान का आकलन और धुएं से प्रभावित क्षेत्र की सफाई का कार्य अभी जारी है।