सूरत : मानस नेशनल व्हीलचेयर T20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का आगाज़

मानस सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट की पहल, गुजरात-महाराष्ट्र-हरियाणा की टीमें मैदान में

सूरत : मानस नेशनल व्हीलचेयर T20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का आगाज़

सूरत शहर में मानस सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 26 और 27 फरवरी को दो दिवसीय T20 मानस नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का आयोजन किया गया है। यह प्रतियोगिता मगोब स्थित SMC पार्टी प्लॉट में आयोजित हो रही है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से दिव्यांग खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

टूर्नामेंट में गुजरात, महाराष्ट्र और हरियाणा की टीमों ने भाग लिया है। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला गुजरात और हरियाणा के बीच खेला गया। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान करना और खेल के माध्यम से उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है।

ट्रस्ट के संस्थापक नेमीचंद जांगिड़ ने बताया कि संस्था पिछले छह वर्षों से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित कर रही है। उनका कहना है कि दिव्यांग खिलाड़ी भी सामान्य खिलाड़ियों की तरह सक्षम हैं और अपनी प्रतिभा के दम पर देश-विदेश में पहचान बना सकते हैं।

उन्होंने बताया कि दो दिवसीय इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों के रहने, भोजन और खेल से जुड़ी सभी सुविधाओं की व्यवस्था ट्रस्ट द्वारा की गई है। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में दिव्यांग खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय मैच भी सूरत में आयोजित होंगे, जिससे शहर को नई पहचान मिलेगी।

Tags: Surat