सूरत : ट्राइबल यूथ एक्सचेंज के तहत संकल्प मिल में औद्योगिक भ्रमण
फोस्टा अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने युवाओं को आत्मनिर्भरता और कौशल विकास का दिया संदेश
सूरत। सूरत में औद्योगिक विकास की नई प्रेरणा के रूप में 26 फरवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे संकल्प डाइंग एंड प्रिंटिंग मिल में 17वें ट्राइबल यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के अंतर्गत लगभग 250 जनजातीय युवाओं का औद्योगिक भ्रमण कराया गया।
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “माय भारत” विजन के तहत युवा मामले और खेल मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने पहली बार सूरत के औद्योगिक विकास को नजदीक से देखा।
कार्यक्रम में मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स के एएसओ संदीप कुमार तथा ‘माय भारत’ के डेप्युटी डायरेक्टर सचिन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
टेक्सटाइल उद्योग की आधुनिक तकनीकों से परिचय
मिल के अधिकारियों ने युवाओं को सूरत में निर्मित विभिन्न टेक्सटाइल उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। डाइंग, प्रिंटिंग और फिनिशिंग की आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को टेक्सटाइल उद्योग की तकनीकी दक्षता और व्यापकता का प्रत्यक्ष अनुभव मिला।
फोस्टा अध्यक्ष ने बढ़ाया उत्साह
फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) के अध्यक्ष एवं संकल्प मिल के निदेशक कैलाश हाकिम ने युवाओं को संबोधित करते हुए शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सूरत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री न केवल व्यापार का केंद्र है, बल्कि लाखों लोगों को रोजगार प्रदान कर आत्मनिर्भर भारत का सशक्त उदाहरण भी है।
उन्होंने युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर संकल्प डाइंग एंड प्रिंटिंग मिल के निदेशक आलोकभाई और पार्थभाई, साउथ गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री से मनीष कापड़िया और परेश लाठिया भी उपस्थित रहे।
यह आयोजन सूरत की “सिल्क सिटी” के रूप में पहचान, उसकी उत्पादन क्षमता और सुव्यवस्थित औद्योगिक संरचना को दर्शाने के साथ-साथ गुजरात की अतिथि-परंपरा की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
