सूरत : होली-धुलेटी पर सूरत-राजस्थान बस सेवा ठप

राजस्थान RTO के खिलाफ लग्जरी बस ऑपरेटरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, 300 से अधिक बसें बंद

सूरत : होली-धुलेटी पर सूरत-राजस्थान बस सेवा ठप

सूरत। होली-धुलेटी के त्योहारी सीजन में सूरत से राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। राजस्थान सीमा पर कथित उत्पीड़न और भारी जुर्माने के विरोध में सूरत के प्राइवेट लग्जरी बस ऑपरेटरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। इसके चलते सूरत से राजस्थान के विभिन्न शहरों के लिए चलने वाली 300 से अधिक बसों का संचालन ठप हो गया है।

ऑपरेटरों का आरोप है कि राजस्थान बॉर्डर में प्रवेश करते ही आरटीओ अधिकारी बसों की सघन जांच कर रहे हैं और छोटी-छोटी तकनीकी बातों पर एक-एक बस पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है। उनका दावा है कि विशेष रूप से गुजरात नंबर की बसों को निशाना बनाया जा रहा है।

हड़ताल के समर्थन में सूरत के प्रमुख ट्रैवल ऑपरेटरों ने अपने सभी राजस्थान रूट रद्द कर दिए हैं। फिलहाल सूरत एपीएमसी मार्केट के सामने खुले मैदान में सैकड़ों लग्जरी बसें खड़ी नजर आ रही हैं। ऑपरेटरों ने साफ कहा है कि जब तक राजस्थान सरकार और परिवहन विभाग लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक एक भी बस राजस्थान के लिए रवाना नहीं होगी।

ट्रैवलर्स ने कहा कि वर्षों पहले सरकार द्वारा पारित नियमों के अनुसार बसें तैयार की गई थीं। अब 2026 में नए नियम लागू होने के कारण रजिस्ट्रेशन और फिटनेस प्रक्रियाएं अटक गई हैं। कई नई बसें तैयार खड़ी हैं, लेकिन उनका पंजीकरण नहीं हो पा रहा, जबकि मालिक बैंक की किस्तें चुका रहे हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोर्ट से आदेश मिलने के बावजूद कुछ मामलों में जब्त बसें छोड़ी नहीं जा रहीं। ऑपरेटरों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे व्यापक आंदोलन और सड़क जाम तक का कदम उठा सकते हैं।

सूरत में बड़ी संख्या में रहने वाले राजस्थान मूल के परिवार त्योहारों और पारिवारिक कार्यक्रमों में आने-जाने के लिए निजी बसों पर निर्भर रहते हैं। अचानक सेवा बंद होने से हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं। रेलवे में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण वैकल्पिक साधन भी सीमित हैं।

जोधपुर निवासी यात्री  ने बताया कि मारवाड़ क्षेत्र—जोधपुर, बाड़मेर, पाली, जालोर सहित कई जिलों के लिए बस सेवा प्रमुख साधन है। बसें बंद होने से आम यात्रियों के सामने घर लौटने और वापस सूरत आने में गंभीर दिक्कतें खड़ी हो गई हैं।

फिलहाल दोनों राज्यों के परिवहन विभागों के बीच वार्ता की संभावना जताई जा रही है। यात्रियों और ऑपरेटरों की नजरें अब प्रशासनिक समाधान पर टिकी हैं, ताकि त्योहारी सीजन में आवागमन सामान्य हो सके।

Tags: Surat