सूरत इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नया कीर्तिमान, जनवरी में 1.71 लाख से अधिक यात्रियों ने भरी उड़ान
आईएसपीएल के चलते लगा सेलिब्रिटीज का जमावड़ा; अमिताभ, सचिन, अक्षय और राम चरण जैसे दिग्गजों के आगमन से पैसेंजर ट्रैफिक में ऐतिहासिक उछाल
सूरत। डायमंड सिटी और टेक्सटाइल हब के रूप में पहचान रखने वाला सूरत अब एविएशन सेक्टर में भी नई ऊंचाइयां छू रहा है। सूरत इंटरनेशनल एयरपोर्ट( एसटीवी) ने जनवरी 2026 में अपने इतिहास का सर्वाधिक मासिक यात्री ट्रैफिक दर्ज कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
जनवरी महीने में एयरपोर्ट पर कुल 1,71,580 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है।
जनवरी में इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (आईएसपीएल) का आयोजन सूरत के लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम में हुआ, जिसमें देश-विदेश की चर्चित हस्तियों की मौजूदगी ने शहर में खासा उत्साह पैदा किया।
एयरपोर्ट पर बॉलीवुड और खेल जगत की कई मशहूर हस्तियों की आवाजाही रही, जिनमें बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन, सलमान खान, अक्षय कुमार, सैफ अली खान और करीना कपूर, अजय देवगन, साउथ के सुपरस्टार राम चरण और सूर्या, क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर शामिल रहे। इन हस्तियों की उपस्थिति का सीधा असर यात्री ट्रैफिक पर पड़ा।
जनवरी 2026 के प्रमुख आंकड़े
कुल यात्री ट्रैफिक: 1,71,580 (अब तक का सर्वाधिक)
इंटरनेशनल यात्री: 23,660 (नया मासिक रिकॉर्ड)
डोमेस्टिक यात्री: 1,47,920
कुल फ्लाइट मूवमेंट: 1,447 (152 इंटरनेशनल, 1,295 डोमेस्टिक)
कार्गो हैंडलिंग: 664.10 मीट्रिक टन
विशेषज्ञों के अनुसार, इस वृद्धि के पीछे केवल बड़े इवेंट ही नहीं बल्कि सूरत की मजबूत आर्थिक गतिविधियां भी अहम भूमिका निभा रही हैं। डायमंड और टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े व्यापारियों की नियमित आवाजाही, बिजनेस ट्रैवल और बढ़ते टूरिज्म ने एयर ट्रैफिक में स्थायी बढ़ोतरी सुनिश्चित की है।
वर्ष 2025 में रखी गई विकास की नींव 2026 में और मजबूत होती दिख रही है। बड़े खेल आयोजनों और ग्लोबल हस्तियों के आकर्षण से यह संकेत मिल रहा है कि सूरत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से उभर रहा है। आने वाले समय में सूरत एयरपोर्ट से और अधिक उड़ानें तथा बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे नए मानक स्थापित हो सकते हैं।
