सूरत : अलथान में श्री श्याम भक्तों की भव्य निशान यात्रा, 108 ध्वज अर्पित
रघुवीर सिम्फ़नी से निकली शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा और भक्ति गीतों के साथ उमड़ा जनसैलाब
सूरत के अलथान स्थित रघुवीर सिम्फ़नी से रविवार, 22 फरवरी को श्री श्याम सिम्फ़नी परिवार द्वारा भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा में 108 निशानों (ध्वज) के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्त डीजे की भक्ति धुनों पर नाचते-गाते हुए श्री श्याम मंदिर तक पहुंचे और विधि-विधान से बाबा को निशान अर्पित किए।
आयोजकों के अनुसार, यह यात्रा श्रद्धा, उत्साह और सामूहिक आस्था का अद्भुत उदाहरण रही। भक्त केसरिया और पीले रंग के निशान लेकर चल रहे थे, जो बाबा श्याम के प्रति उनकी अटूट भक्ति का प्रतीक बने। यात्रा में शामिल पुरुष और महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित नजर आए, जिससे पूरे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।
निशान यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि अलथान क्षेत्र में श्याम बाबा के प्रति श्रद्धालुओं का गहरा जुड़ाव है। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
