सूरत : मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सी.आर. पाटिल के साथ देखा ‘मन की बात’ का 131वां एपिसोड
डिजिटल फ्रॉड और ऑर्गन डोनेशन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष संदेश
सूरत। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों और नागरिकों के साथ सूरत में आयोजित बुक फेयर के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 131वें एपिसोड का प्रसारण देखा।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए ‘डिजिटल अरेस्ट’ और ‘फाइनेंशियल फ्रॉड’ से सावधान रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जैसे हम मौसम के अनुसार अपना खान-पान और पहनावा बदलते हैं, वैसे ही समय-समय पर अपने गोपनीय पासवर्ड भी बदलने चाहिए। साथ ही नागरिकों को बैंक के आधिकारिक माध्यम से ही केवाईसी अपडेट करने और किसी भी अनजान लिंक या कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी।
प्रधानमंत्री ने दिल्ली में आयोजित विश्व के सबसे बड़े एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) इम्पैक्ट समिट का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उन भारतीय मूल के खिलाड़ियों की भी सराहना की, जो अन्य देशों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और अपनी उपलब्धियों से देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने हाल ही में दिवंगत हुए मासूम आदिल अब्राहम का जिक्र करते हुए बताया कि वह देश के सबसे कम उम्र के ऑर्गन डोनर बने और कई लोगों को नई जिंदगी देने का माध्यम बने। उन्होंने भारत में मेडिकल क्षेत्र में हो रही प्रगति, विशेषकर लंग ट्रांसप्लांट और ऑर्गन डोनेशन जैसे जटिल ऑपरेशनों में मिल रही सफलता का उल्लेख करते हुए इसे नई सोच और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना और डिजिटल सुरक्षा व अंगदान के प्रति जागरूक रहने का संकल्प व्यक्त किया।
