सूरत : खाटू धाम के लिए रंगीला श्याम सेवा समिति का 100 सदस्यीय जत्था रवाना
निशान यात्रा, भंडारा और सेवा कार्यों के साथ 27 फरवरी तक भक्तों की सेवा करेगा समिति का दल
रंगीला श्याम सेवा समिति का करीब 100 सदस्यों का जत्था शुक्रवार दोपहर विशेष ट्रेन से खाटू धाम के लिए रवाना हुआ। जत्थे में मुख्य रूप से मनोज अग्रवाल (चीकू), शेखर भीमसरिया, अजय खेतान, अमित केडिया, सुनील बजाज, अभिनाश और विमल अग्रवाल सहित कई श्याम भक्त शामिल हैं।
समिति के गणेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को सभी सदस्य खाटू मार्ग पर स्थित संतोषपुरा में भंडारा स्थल से निशान यात्रा निकालेंगे और खाटू पहुंचकर बाबा श्याम को निशान अर्पित करेंगे।
समिति के अध्यक्ष अंकित कदमावाला के अनुसार, समिति द्वारा 27 फरवरी तक संतोषपुरा में श्याम भक्तों के लिए भंडारा, अल्पाहार, चिकित्सा सुविधा तथा रात्रि विश्राम की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन बाबा के दरबार का विशेष श्रृंगार, अखंड ज्योत और प्रसिद्ध भजन कलाकारों द्वारा भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। समिति के इस सेवा अभियान से खाटू धाम आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
