सूरत : महालक्ष्मी शक्तिपीठ में महाशिवरात्रि महोत्सव संपन्न, जरूरतमंदों को कंबल और गौमाता के लिए 1100 किलो घास भेंट
महंत भारत मुनि भारतीय के सानिध्य में विवाहोत्सव, महायज्ञ और सेवा कार्य; पक्षियों के लिए अनाज वितरण भी
सूरत के नया भटार स्थित श्री महालक्ष्मी शक्तिपीठ में दो दिवसीय महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ संपन्न हुआ। महंत भारत मुनि भारतीय के सानिध्य में भगवान शिव और माता पार्वती का विवाहोत्सव तथा महायज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर महंत ने अपनी माता स्वर्गीय नर्मदा देवी की पुण्यतिथि पर मानव सेवा का संदेश देते हुए जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए और विशाल महाप्रसाद का आयोजन कराया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, सेवा और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला।
धार्मिक और सामाजिक सेवा के तहत चित्तौड़गढ़, पुष्कर, उदयपुर और उज्जैन के विभिन्न मंदिरों एवं आश्रमों में भी दान राशि भेंट की गई। इसके अलावा जीव दया की भावना को आगे बढ़ाते हुए बेजुबान पक्षियों के लिए 1100 किलो अनाज तथा गौमाता के लिए 1100 किलो हरी घास का अनुदान दिया गया।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे सेवा कार्यों का उद्देश्य समाज में करुणा, सहयोग और धर्म के मूल्यों को मजबूत करना है। महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक उत्साह के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी प्रसारित किया।
