सूरत : ISPL सीज़न 3 का भव्य समापन, 5,000 से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंची कम्युनिटी आउटरीच पहल
म्युनिसिपल व सरकारी स्कूलों के छात्रों को उपहार वितरित कर लीग ने जताया आभार, लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम पहली बार बना मेजबान
इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (ISPL) ने भारत के अग्रणी टेनिस-बॉल T10 टूर्नामेंट के रूप में सूरत में सीज़न 3 का सफल समापन किया। 29 दिनों तक चले इस टूर्नामेंट का आयोजन पहली बार लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम में किया गया, जिसने शहर में खेल प्रेमियों के बीच खास उत्साह पैदा किया।
समापन अवसर पर लीग कमिश्नर और कोर कमेटी सदस्य सूरज सामत ने सूरत शहर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ISPL भारत की सड़कों (शेरियों) और समुदायों से गहराई से जुड़ा हुआ है तथा मेजबान शहरों को कुछ लौटाना लीग के मिशन का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि म्युनिसिपल स्कूलों और युवा विद्यार्थियों को सहयोग देना जमीनी स्तर पर खेल और समाज के विकास के दीर्घकालिक विज़न के अनुरूप है।
आभार स्वरूप ISPL ने विशेष कम्युनिटी आउटरीच पहल के तहत सूरत के म्युनिसिपल और सरकारी स्कूलों के बच्चों को उपहार वितरित किए। इस कार्यक्रम का समन्वय ISPL के ऑपरेशन्स हेड दीपक चौहान ने किया।
इस पहल के अंतर्गत 37 म्युनिसिपल और सरकारी स्कूलों को शामिल किया गया तथा सूरत शहर के साथ-साथ उमरपाड़ा, मांगरोल, मांडवी, महुवा, बारडोली, कामरेज और ओलपाड जैसे आसपास के तालुकों के 5,000 से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंच बनाई गई। ISPL की इस पहल ने खेल के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए यह साबित किया कि बड़े खेल आयोजन समुदाय के विकास और बच्चों के प्रोत्साहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
