सूर्यकुमार यादव के पास विराट कोहली को पीछे छोड़ने का मौका, नामीबिया के खिलाफ कप्तान को बनाने होंगे इतने रन
नामीबिया, 12 फरवरी (वेब वार्ता)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सूर्यकुमार यादव ने दमदार शुरुआत की है। नामीबिया के खिलाफ मैच में उनके पास एक खास रिकॉर्ड बनाने और विराट कोहली को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका होगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने यूएसए को 29 रनों से हराया। इस मैच में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 77 रन के स्कोर तक 6 विकेट गिर गए थे।
मुश्किल समय में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
सूर्यकुमार यादव ने इस मुकाबले में 49 गेंदों पर 84 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत टीम इंडिया 20 ओवर में 161 रन तक पहुंच सकी। अब भारत को अपना अगला मुकाबला नामीबिया के खिलाफ खेलना है, जिसमें एक बार फिर सूर्या पर बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है।
सूर्या के पास खास रिकॉर्ड बनाने का मौका
सूर्यकुमार यादव टी20 क्रिकेट के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में गिने जाते हैं और अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में उनके पास एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा।
यदि सूर्या इस मैच में अर्धशतक लगाने में सफल रहते हैं तो वह घर पर टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 50 प्लस पारियां खेलने के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ सकते हैं।
फिलहाल सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली दोनों के नाम घर पर टी20 इंटरनेशनल में 14-14 फिफ्टी प्लस पारियां दर्ज हैं। इस सूची में केएल राहुल 12 पारियों के साथ तीसरे, रोहित शर्मा 10 पारियों के साथ चौथे और ईशान किशन 8 पारियों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
भारत में सबसे ज्यादा 50+ पारी खेलने वाले टीम इंडिया के खिलाड़ी
विराट कोहली – 14 पारियां
सूर्यकुमार यादव – 14 पारियां
केएल राहुल – 12 पारियां
रोहित शर्मा – 10 पारियां
ईशान किशन – 8 पारियां
घर पर शानदार रहा है सूर्या का रिकॉर्ड
भारतीय कप्तान का घर पर टी20 इंटरनेशनल में प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। सूर्यकुमार यादव ने अब तक 44 मैचों की 43 पारियों में 39 की औसत से 1404 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 13 अर्धशतक और एक शतक भी देखने को मिला है। स्ट्राइक रेट की बात करें तो घर पर उनका स्ट्राइक रेट 170.18 का रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है। सूर्या अब तक घरेलू मैदानों पर 86 छक्के और 126 चौके भी लगा चुके हैं।
नामीबिया मैच में रहेंगी खास नजरें
भारत और नामीबिया के बीच मुकाबला 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी, वहीं सभी की नजरें सूर्यकुमार यादव पर होंगी कि क्या वह एक और शानदार पारी खेलकर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर पाते हैं।
