सूरत : मेट्रो की 6.40 किमी टनल का काम पूरा, चौक बाजार में TBM का ऐतिहासिक ब्रेकथ्रू
तीन साल की मेहनत रंग लाई; रेलवे स्टेशन से चौक बाजार तक अंडरग्राउंड सेक्शन पूरा, जून 2026 तक संचालन का लक्ष्य
सूरत। डायमंड सिटी सूरत में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के तहत एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि हासिल हुई है। शहर के अत्यंत व्यस्त और घनी आबादी वाले चौक बाजार क्षेत्र में टनल बोरिंग मशीन (TBM) ने सफलतापूर्वक अपना लक्ष्य पूरा कर टनल से बाहर निकलते हुए 6.40 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड टनलिंग का कार्य पूर्ण कर लिया है।
कपोदरा और चौक बाजार के बीच डाउन लाइन की 6.40 किमी टनल छह महीने पहले पूरी हो चुकी थी, जबकि अब अप लाइन टनल का कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही इस खंड में अंडरग्राउंड टनलिंग का पूरा कार्य संपन्न हो गया है।
गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (GMRC) ने सूरत रेलवे स्टेशन से चौक बाजार तक लगभग 3.56 किमी लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन का कार्य वर्ष 2021 में शुरू किया था। यह मार्ग पुरानी इमारतों, संकरी गलियों और घनी आबादी से होकर गुजरता है, जिससे निर्माण कार्य तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण था।
टनलिंग के दौरान मशीन लगभग 12 मीटर गहराई पर संचालित की गई। कंपन से पुराने मकानों को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए विशेष मॉनिटरिंग और सुरक्षा उपाय किए गए।
संवेदनशील और जर्जर इमारतों में रहने वाले लोगों को एहतियातन कुछ समय के लिए होटलों में ठहराया गया। इतने संवेदनशील क्षेत्र में बिना किसी बड़े हादसे के टनल निर्माण को इंजीनियरिंग की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
GMRC अधिकारियों के अनुसार, टनलिंग कार्य पूरा होने के बाद अब चौक बाजार स्टेशन पर फिनिशिंग वर्क, ट्रैक बिछाने, इलेक्ट्रिफिकेशन और सिस्टम इंस्टॉलेशन पर तेजी से काम किया जाएगा।
सूरत मेट्रो के पहले चरण (कॉरिडोर-1: सरथाना से ड्रीम सिटी) को जून 2026 तक शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। टनलिंग कार्य की सफलता के बाद यह उम्मीद और मजबूत हो गई है कि सूरतवासियों का मेट्रो में सफर करने का सपना तय समयसीमा में साकार होगा।
