सूरत : वनवासी समाज की शिक्षा के लिए दौड़े 6 हजार से अधिक रनर्स

फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसायटी द्वारा ‘एकल रन 3.0’ का आयोजन, सूरत से गूंजा ‘रन टू एजुकेट’ का संदेश

सूरत : वनवासी समाज की शिक्षा के लिए दौड़े 6 हजार से अधिक रनर्स

वनवासी समाज के उत्थान और शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता के उद्देश्य से फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसायटी (वनबंधु परिषद) द्वारा रविवार को हाफ मैराथन एकल रन 3.0 का आयोजन किया गया। यह दौड़ वीर नर्मद साउथ गुजरात यूनिवर्सिटी (वीएनएसजीयू) परिसर से सुबह 6 बजे प्रारंभ हुई।

सूरत पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। इस अवसर पर वीएनएसजीयू के कुलपति डॉ. किशोर सिंह चावड़ा तथा वनबंधु परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष त्रिभुवन काबरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

एकल रन 3.0 में 6 हजार से अधिक रनर्स और पेसर्स ने भाग लिया, जिनमें से करीब 500 प्रतिभागी सूरत के बाहर से आए थे। “रन टू एजुकेट” के ध्येय वाक्य को आत्मसात करते हुए इस आयोजन ने वनवासी समाज में शिक्षा के महत्व को लेकर सशक्त संदेश दिया। “छोटे कदम – बड़े इरादे” के मूल मंत्र के साथ आयोजित यह दौड़ खेल आयोजन के साथ-साथ सामाजिक सरोकार और एकता का प्रेरणादायी उत्सव बनकर उभरी। 

D10022026-02

दौड़ के दौरान कई प्रतिभागियों ने पार्टी सूट, साड़ी सहित पारंपरिक परिधान पहनकर भारत की विविधता और एकता का परिचय दिया। विभिन्न श्रेणियों में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सभी रनर्स के लिए पानी, मेडिकल सुविधा, ड्रेस किट, मेडल और अल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई थी।

इस आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम के स्पॉन्सर्स विशाल बुधिया, राजेश गुप्ता, अरविंद कोठारी, महेश जरीवाला का विशेष योगदान रहा। साथ ही संस्था के संरक्षक प्रमोद चौधरी, वेस्ट जोन चेयरमैन श्याम गर्ग, एकल रन के चेयरमैन श्रीनारायण पेड़ीवाल, रेस डायरेक्टर ललित पेड़ीवाल, इवेंट कोऑर्डिनेटर युवा टीम के गौतम प्रजापति, गोपेश अग्रवाल, अनुराग जैन, जय स्वर्णकार सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Tags: Surat