इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का असर होटल में एक रात रुकने का किराया हुआ 32 लाख
नई दिल्ली, 10 फरवरी (वेब वार्ता)। राजधानी दिल्ली में आयोजित होने जा रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 ने शहर के होटल उद्योग में एक अभूतपूर्व हलचल पैदा कर दी है।
प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में होने वाले इस वैश्विक आयोजन के कारण दिल्ली के प्रीमियम होटलों के कमरों की कीमतें आसमान छू रही हैं।
आलम यह है कि जो कमरे सामान्य दिनों में 30 से 35 हजार रुपये में उपलब्ध होते थे, उनका किराया अब लाखों में पहुँच गया है। कई मामलों में तो एक रात ठहरने की कीमत 32 लाख से अधिक है, जितने में एक मध्यम वर्गीय परिवार घर खरीद सकता है।
इस हाई-प्रोफाइल समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। आयोजन की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और ओपनएआई के सैम अल्टमैन जैसी अंतरराष्ट्रीय हस्तियां शिरकत करने वाली हैं।
दिग्गजों के इस जमावड़े को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख 6 होटलों ने अपनी दरों में भारी बढ़ोतरी की है और अधिकांश होटल पहले ही पूरी तरह बुक हो चुके हैं। कीमतों में बढ़ोतरी के मामले में दिल्ली का ताज पैलेस सबसे आगे है। यहां 16 से 20 फरवरी के बीच एक लग्जरी सुइट का किराया जीएसटी सहित 32 लाख रुपये प्रति रात तक पहुँच गया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि समिट से ठीक पहले यानी 13-14 फरवरी को यही कमरा टैक्स के साथ करीब 2 लाख रुपये में उपलब्ध था। भारी मांग के कारण यह होटल अब पूरी तरह फुल बताया जा रहा है।
दिल्ली का लीला पैलेस भी इस सूची में पीछे नहीं है। यहां 16 फरवरी के लिए महाराजा सुइट का किराया 5.9 लाख से 6.9 लाख रुपये के बीच है। सामान्य कमरों की स्थिति यह है कि वहां ठहरने के लिए भी 3 लाख रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। इसी तरह, द ओबेरॉय होटल में लग्जरी सुइट्स की कीमत 5.5 लाख रुपये प्रति रात तय की गई है, जो विशेष रूप से एआई समिट के लिए रखी गई है।
ऐतिहासिक इम्पीरियल होटल में 16 फरवरी को एक कमरे का मूल किराया करीब 1.97 लाख रुपये है, जो टैक्स के बाद ढाई लाख रुपये तक पहुँच जाता है। कुछ विशेष कमरों की दरें यहां 10 लाख रुपये तक भी गई हैं।
वहीं, प्रसिद्ध आईटीसी मौर्या होटल में कमरों की कीमतों में 5 से 12 गुना तक की वृद्धि देखी जा रही है। यहां हाई-एंड सुइट्स की कीमत 1 लाख से लेकर 5 लाख रुपये प्रति रात तक वसूल की जा रही है।
शांगरी-ला इरोस होटल, जो अन्य बड़े होटलों की तुलना में अक्सर सुलभ रहता है, वह भी समिट के दौरान पूरी तरह बुक है। यहां 16 फरवरी के लिए किराया टैक्स सहित 89 हजार से 1 लाख रुपये के बीच है, जबकि 18 फरवरी के लिए होटल में कोई भी कमरा खाली नहीं है।
दिल्ली के होटल एसोसिएशन का मानना है कि इतने बड़े स्तर के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है, बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। हालांकि, आम यात्रियों के लिए इन दिनों दिल्ली में ठहरना नामुमकिन सा हो गया है।
