सूरत : पलसाना में 29 बीघा भूमि पर बनेगा भव्य श्री महाकालेश्वर–सालासर हनुमान मंदिर

भूमि पूजन की तिथि परिवर्तित, अब 29 अप्रैल 2026 को होगा महाप्रकल्प का शुभारंभ

सूरत : पलसाना में 29 बीघा भूमि पर बनेगा भव्य श्री महाकालेश्वर–सालासर हनुमान मंदिर

श्री महाकालेश्वर सालासर हनुमान सेवा ट्रस्ट द्वारा सूरत स्थित 203, मेट्रो टॉवर कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उज्जैन महाकाल मंदिर के प्रमुख पुजारी प्रदीप गुरुजी की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रस्ट ने सूरत के पलसाना क्षेत्र में प्रस्तावित एक भव्य धार्मिक महाप्रकल्प की विस्तृत जानकारी साझा की।

ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि पलसाना क्षेत्र में स्थित 29 बीघा भूमि पर भगवान श्री महाकालेश्वर एवं सालासर हनुमानजी का विशाल और भव्य मंदिर परिसर निर्मित किया जाएगा। इस महाप्रकल्प के भूमि पूजन की तिथि पहले 1 मार्च 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब परिवर्तित कर 29 अप्रैल 2026 कर दिया गया है। इससे पूर्व 27 से 29 अप्रैल तक अभिजीत मुहूर्त में वास्तु पूजन, यम पूजन सहित भूमि पूजन की धार्मिक विधियां संपन्न की जाएंगी।

प्रदीप गुरुजी ने जानकारी देते हुए कहा कि मंदिर एवं देव स्थान सदैव लोक कल्याण के उद्देश्य से स्थापित किए जाते हैं, जहां समाज के अंतिम व्यक्ति से लेकर हर वर्ग के लोगों को आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि इस मंदिर परिसर में योग-ध्यान केंद्र, गोशाला, प्रवचन हॉल तथा दर्शनार्थियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि भूमि पूजन कार्यक्रम देश के प्रमुख संत-महात्माओं एवं विशिष्ट राजनीतिक अतिथियों की उपस्थिति में भव्य रूप से संपन्न होगा। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा ध्वज का विमोचन भी किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रस्ट के प्रमुख सत्यानारायण गोयल, कोषाध्यक्ष रवि कापूरे, ट्रस्टी राजेंद्र पाटवारी, तुलसीराम हेड़ा, भाविक ठक्कर, सुनील पांडेय, विनय सराफ, अनिल जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Tags: Surat