सूरत : तीन दिवसीय ‘स्थापत्य 2026’ का भव्य शुभारंभ 6 फरवरी से 

बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन, आर्किटेक्चर और इंटीरियर से जुड़े नए प्रोडक्ट्स की 28वीं विशाल प्रदर्शनी, 100 से अधिक कंपनियों की सहभागिता

सूरत : तीन दिवसीय ‘स्थापत्य 2026’ का भव्य शुभारंभ 6 फरवरी से 

बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन, आर्किटेक्चर और इंटीरियर क्षेत्र से जुड़े नवीनतम प्रोडक्ट्स और तकनीकों को एक मंच पर प्रस्तुत करने वाली प्रतिष्ठित प्रदर्शनी ‘स्थापत्य 2026’ का शुक्रवार से सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (SIECC), सरसाना में शुभारंभ हो रहा है। यह प्रदर्शनी इंस्टीट्यूट ऑफ सिविल इंजीनियर्स एंड आर्किटेक्ट्स–सूरत द्वारा आयोजित की जा रही है, जो 6 फरवरी से 9 फरवरी 2026 तक चलेगी। यह ‘स्थापत्य’ का लगातार 28वां संस्करण है।

साल 1966 में स्थापित इंस्टीट्यूट ऑफ सिविल इंजीनियर्स एंड आर्किटेक्ट्स–सूरत द्वारा आयोजित ‘स्थापत्य’ को आर्किटेक्चर और कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री की एक फाउंडेशनल एग्जीबिशन के रूप में जाना जाता है। यह ऐसा मंच है, जहां कंस्ट्रक्शन और आर्किटेक्चर इंडस्ट्री के लीडर्स, नए ब्रांड्स, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और इनोवेटिव प्रोडक्ट्स को बढ़ावा देने के लिए एक साथ आते हैं। इस वर्ष प्रदर्शनी में 100 से अधिक कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।

संस्था के प्रेसिडेंट कमलेश वैष्णव ने बताया कि कोई भी नागरिक निशुल्क रजिस्ट्रेशन के बाद इस एग्जीबिशन में प्रवेश कर सकता है। उन्होंने गुजरात राज्य के सभी आर्किटेक्ट्स, सिविल इंजीनियर्स, स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स एवं आम नागरिकों को प्रदर्शनी देखने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 4 से 5 नई कंपनियां प्रदर्शनी में भाग ले रही हैं, जिनमें सूरत की विल्टमार्ट कंपनी विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जो कंस्ट्रक्शन मटीरियल ऑनलाइन उपलब्ध कराने की सुविधा के साथ एग्जीबिशन में लॉन्च होगी।

प्रदर्शनी का उद्घाटन 6 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे पद्मश्री सम्मानित सावजीभाई ढोलकिया तथा सूरत के मेयर दक्षेशभाई मावानी की उपस्थिति में होगा। इसी दिन शाम 6.30 बजे टेक्निकल सेमिनार के अंतर्गत आर्किटेक्ट सुमेश मोदी ‘Beyond Buildings: Campus as Living Systems’ विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।

7 फरवरी 2026 को शाम 5 बजे स्टूडेंट सिल्वर एवं गोल्ड मेडल अवॉर्ड प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा, जिसमें कॉलेज में प्रथम रैंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड और सिल्वर मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद शाम 8 बजे प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. अंकिता मुलानी ‘परिवारोत्सव (प्रेम, प्रेरणा और प्रोत्साहन का उत्सव)’ विषय पर प्रेरक व्याख्यान देंगी।

8 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम 6.30 बजे टेक्निकल सेमिनार के अंतर्गत इंजीनियर विवेक पी. कापड़िया ‘India in Need of Water Friendly Infrastructures’ विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।

प्रदर्शनी के अंतिम दिन 9 फरवरी 2026 को सूरत शहर की डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) डॉ. निधि ठाकुर (IPS) तथा डॉ. शेफाली बरवाल (IPS) की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। ‘स्थापत्य 2026’ न केवल कंस्ट्रक्शन और आर्किटेक्चर क्षेत्र के पेशेवरों के लिए, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी आधुनिक निर्माण तकनीकों और नवाचारों को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

Tags: Surat