अंडर-19 विश्व कप: युवा ब्रिगेड की निगाह दसवें फाइनल पर

अंडर-19 विश्व कप: युवा ब्रिगेड की निगाह दसवें फाइनल पर

हरारे, 03 फरवरी (वेब वार्ता)। अजेय युवा ब्रिगेड लगातार छठी और कुल दसवीं बार अंडर-19 वनडे विश्व कप के फाइनल का टिकट कटाने उतरेगी। आयुष म्हात्रे की टीम बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में प्रबल दावेदार के रूप में उरतेगी।

भारतीय टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। सभी खिलाड़ियों ने जरूरत के समय अपना योगदान दिया है। टीम इससे पहले नौ बार फाइनल में पहुंची है और रिकॉर्ड पांच बार चैंपियन बनी है। टीम ने अपने सभी पांच मैच आसानी से जीते हैं। इसमें सुपर सिक्स चरण में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर 58 रन की जीत भी शामिल है।

भारतीय टीम अफगानिस्तान को कम करके आंकने की गलती नहीं करेगी जिसने ने पांच में से चार जीत दर्ज की है। उसे एकमात्र हार श्रीलंका से मिली थी। विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया है। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज पांच मैचों में दो अर्धशतकों से 199 रन बना चुका है। बड़े-बड़े शॉट खेलने में माहिर ओपनर वैभव सूर्यवंशी भी अच्छी फॉर्म में हैं।

टीम प्रबंधन चाहेगा कि वह अपने अर्धशतकों को शतकों में तब्दील करें। ऑलराउंडर विहान मल्होत्रा एक और भारतीय बल्लेबाज हैं जिन पर सभी की नजर रहेगी। उन्होंने ग्रुप चरण में जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक लगाया था। म्हात्रे ने गेंदबाजी में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।

उन्होंने अपनी ऑफ-ब्रेक गेंदबाजी से छह विकेट लिए हैं। हालांकि बल्लेबाजी में वह अब तक कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। आरोन जॉर्ज की फॉर्म भी भारत के लिए चिंता का विषय है। यह बल्लेबाज तीन पारियों में 46 रन ही बना सका है। टीम को इन दोनों से बड़ी पारियों की उम्मीद होगी।

भारतीय गेंदबाजी की कमान दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हेनिल पटेल और आरएस अंबरीश के हाथ में है। इन दोनों तेज गेंदबाजों को स्पिनर खिलन पटेल का भी अच्छा साथ मिला है। म्हात्रे और मल्होत्रा गेंदबाजी में भी अपनी भूमिका निभाएंगे।

प्रसारण : दोपहर 1:00 बजे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर