सूरत : श्री कृष्णाराज विद्यालय में फायर सेफ्टी मॉकड्रिल का हुआ आयोजन

विद्यार्थियों को आग से बचाव और आपात स्थिति में सही प्रतिक्रिया की दी गई व्यावहारिक जानकारी

सूरत : श्री कृष्णाराज विद्यालय में फायर सेफ्टी मॉकड्रिल का हुआ आयोजन

पांडेसरा स्थित श्री कृष्णाराज विद्यालय, 78, छत्रपति शिवाजी नगर, बमरोली रोड, सूरत में सोमवार, 2 फरवरी 2026 को फायर सेफ्टी के अंतर्गत मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉकड्रिल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आग से बचाव, सतर्कता और आपातकालीन परिस्थितियों में सही कदम उठाने के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा 5 तक अंग्रेजी माध्यम के तथा नर्सरी से कक्षा 12 तक हिंदी माध्यम के विद्यार्थी उपस्थित रहे। फायर विभाग से पधारे अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में लगे विभिन्न फायर सेफ्टी उपकरणों की जानकारी विस्तारपूर्वक दी। उन्होंने बताया कि आग किन-किन कारणों से लग सकती है, आग लगने की स्थिति में तुरंत क्या सावधानियां बरतनी चाहिए, बड़ी दुर्घटनाओं से कैसे बचा जा सकता है तथा आग पर प्रारंभिक स्तर पर किस प्रकार काबू पाया जा सकता है। 

D02022026-09

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को एबीसी और सीओ₂ फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कई विद्यार्थियों ने स्वयं फायर एक्सटिंग्विशर का प्रयोग कर आग बुझाने की प्रक्रिया को समझा। इसके अलावा फायर अलार्म, होज़ रील, स्मोक डिटेक्टर सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की जानकारी भी दी गई।

विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. राजेन्द्र कुशवाहा, प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकगण इस फायर मॉकड्रिल कार्यक्रम में पूरे उत्साह के साथ उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए सभी प्रश्नों का समाधान किया गया।

विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि यदि आग काबू से बाहर हो जाए तो घबराने के बजाय तुरंत फायर विभाग के आपातकालीन नंबर 101 पर सूचना देकर आग लगने के स्थान की सही जानकारी देनी चाहिए। इस मॉकड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

 

Tags: Surat