वडोदरा मंडल के अपूर्व तिवारी एवं चिराग मित्तल अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार – 2025 से सम्मानित

70वें रेल सप्ताह समारोह में सात अधिकारियों-कर्मचारियों को व्यक्तिगत सम्मान

वडोदरा मंडल के अपूर्व तिवारी एवं  चिराग मित्तल अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार – 2025 से सम्मानित

रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर, यशोभूमि में शुक्रवार, 09 जनवरी, 2026 को आयोजित 70वें रेल सप्ताह केंद्रीय समारोह में पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के उप मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर अपूर्व तिवारी एवं  उप मुख्य इंजीनियर चिराग मित्तल को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार – 2025 से सम्मानित किया गया।

पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर सभी जोनल रेलवेज़ से लगभग 100 रेल कर्मचारियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें से पश्चिम रेलवे के सात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी सराहनीय एवं अनुकरणीय सेवाओं के लिए अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किया गया, जो उनके असाधारण समर्पण, पेशेवर दक्षता तथा कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है। पश्चिम रेलवे के उप मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री अपूर्व तिवारी एवं  उप मुख्य इंजीनियर श्री चिराग मित्तल को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार – 2025 से सम्मानित किया गया।

वडोदरा मंडल के उप मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (कार्य) अपूर्व तिवारी को इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणालियों के सफल कमीशनिंग तथा परंपरागत सिगनलिंग के स्थान पर आधुनिक मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर (MSDAC) प्रणालियों के प्रतिस्थापन को कई खंडों में लक्ष्य तिथियों से पूर्व पूर्ण करने के लिए सम्मानित किया गया। उनके इस कार्य से परियोजना निष्पादन में नए मानदंड स्थापित हुए तथा रेल परिचालन की सुरक्षा एवं दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

उप मुख्य इंजीनियर (सर्वे एवं निर्माण) चिराग मित्तल को रिकॉर्ड समय-सीमा में प्रमुख सिविल इंजीनियरिंग कार्यों के पूर्ण होने में उनकी उत्कृष्ट भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। इनमें दोहरीकरण खंडों का कमीशनिंग, महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण, स्टेशन पुनर्विकास कार्य तथा साइडिंग परियोजनाएँ शामिल हैं, जिनसे अवसंरचना क्षमता, यात्री सुविधाओं एवं परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

प्रतिष्ठित व्यक्तिगत पुरस्कारों की प्राप्ति में पश्चिम रेलवे का उत्कृष्ट प्रदर्शन उसके अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निष्ठा, पेशेवर दक्षता तथा टीम भावना का सशक्त प्रमाण है। ये उपलब्धियाँ सुरक्षा, सेवा उत्कृष्टता, नवाचार एवं अवसंरचना विकास के प्रति पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल की अटूट प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती हैं तथा भारतीय रेल को एक आधुनिक, दक्ष एवं यात्री-केंद्रित राष्ट्रीय परिवहन व्यवस्था के रूप में विकसित करने के व्यापक दृष्टिकोण में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

Tags: Vadodara