सूरत : बारडोली में स्क्रैप गोदामों में भीषण आग, 2 किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं

11 से अधिक गोदाम आग की चपेट में, हालात गंभीर होने पर मेजर कॉल घोषित

सूरत : बारडोली में स्क्रैप गोदामों में भीषण आग, 2 किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं

सूरत। राज्य में लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाओं के बीच सूरत जिले के बारडोली क्षेत्र में एक बड़ा अग्निकांड सामने आया है। बारडोली इलाके में स्थित 11 से अधिक स्क्रैप गोदामों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गोदामों में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री और स्क्रैप भरा होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया।

आग की लपटें और घना काला धुआं इतना भयानक था कि करीब 2 किलोमीटर दूर से भी साफ नजर आ रहा था। घटना के बाद आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों व दुकानों से बाहर निकल आए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रांतीय अधिकारियों ने इसे ‘मेजर कॉल’ घोषित किया। सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की 15 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और युद्धस्तर पर आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि, प्लास्टिक और ज्वलनशील स्क्रैप की अधिक मात्रा के चलते आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली गई। राहत की बात यह है कि अब तक इस भीषण आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Tags: Surat