सूरत : श्री गोवर्धननाथजी की हवेली में गुसाईजी का 511वां प्राकट्य दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया
सोमवार को सफला एकादशी पर श्री गिरिराजजी का भव्य मनोरथ आयोजित होगा
डुमस रोड स्थित श्री गोवर्धननाथजी की हवेली में श्री गुसाईजी के 511वें प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वैष्णवों ने उपस्थित रहकर विभिन्न सेवाओं एवं उत्सवों का लाभ लिया।
पुष्टिमार्ग में राग, भोग और शृंगार के माध्यम से श्री ठाकोरजी की सेवा-परंपरा की नींव रखने वाले श्री गुसाईजी का 511वां प्राकट्य दिवस सभी पुष्टिमार्गीय हवेलियों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में डुमस रोड स्थित श्री गोवर्धननाथजी की हवेली में दिनभर विशेष आयोजन किए गए।
प्रातः साढ़े नौ बजे श्री ठाकोरजी को चांदी के पालने में विराजमान कर लाड़-लड़ाए गए। इसके पश्चात सुबह 11 बजे तिलक एवं जलेबी उत्सव के दर्शन कराए गए। दोपहर में सूरत के गीता परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में श्रीमद् भगवद्गीता के सभी 18 अध्यायों का पारायण संपन्न हुआ। वैष्णवों ने बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर दिनभर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की।
हवेली प्रबंधन ने बताया कि सोमवार, 15 दिसंबर को सफला एकादशी के अवसर पर श्री गिरिराजजी का विशेष मनोरथ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सुबह साढ़े नौ बजे हवेली प्रांगण में स्थापित श्री गिरिराजजी के भावात्मक स्वरूप का दुग्धाभिषेक, श्रृंगार एवं भोग अर्पण किया जाएगा।
