एक समय पर अखबार बांटे - अब बेटे की 3 करोड़ की कार के लिए 31 लाख का वीआईपी नंबर लिया

देश का सबसे महंगा कार का वीआईपी नंबर

एक समय पर अखबार बांटे - अब बेटे की 3 करोड़ की कार के लिए 31 लाख का वीआईपी नंबर लिया

 कारों के वी आई पी नम्बरों के लिए लोगों का जुनून बढ़ता जा रहा है। 2018 में जैगुआर एक्स जे एल कार के लिए 16 लाख में राजस्थान का तब तक का सबसे महंगा वी आई पी नंबर आरजे 45 सीजी 0001 लेने वाले राहुल तनेजा ने अब ऑडी आर एस क्यू 8 कार के लिए जयपुर आरटीओ से 31 लाख रुपये में देश का आज तक का सबसे महंगा वी आई पी नंबर आरजे 60 सीएम 0001 लिया है। 2011 में भी राहुल ने अपनी पहली लग्जरी कार बी एम डब्ल्यू सेवन सीरीज़ के लिए वी आई पी नंबर आरजे 14 सीपी 0001 लिया था, जो उन्हें नीलामी में 10 लाख रुपये में मिला था।

सात साल पहले जब राहुल तनेजा ने जैगुआर कार ली थी तब अपने बेटे से वादा किया था कि वो जब अठारह साल का होगा तब अगर राहुल तनेजा की आर्थिक स्थिति अच्छी रही तो वो उसको उसके अठारहवें जन्मदिन पर उसकी मनपसंद कार तोहफे में देंगे, 16 नवम्बर को 18 साल के होने वाले रेहान तनेजा को उसके पिता राहुल तनेजा उसके अठारहवें जन्मदिन पर उक्त ऑडी कार गिफ्ट कर रहे हैं।

वी आई पी नम्बरों के लिए एक से अधिक आवेदन आने पर आरटीओ में ऑक्शन की प्रक्रिया होती है। राहुल जब भी ऑक्शन में बैठे, वो नंबर लेकर ही उठे।

राहुल का कहना है “मुझे और मेरे बेटे को कारों के वी आई पी नम्बरों का शौक है और शौक की कोई कीमत नहीं होती। मैं आज में जीता हूँ, जो चीज मुझे आज खुशी देती है, मैं वो करता हूँ, कल के बारे में नहीं सोचता - क्या पता कल हो या न हो।”

अखबार बाँटने से खुद अखबार में छपने तक का राहुल का सफर

राहुल का जन्म मध्य प्रदेश के मंडला जिले के पास छोटे से गाँव कटरा में हुआ। पिता साइकिलों के पंक्चर बनाते थे और माँ खेतों में काम करती थीं।

11 साल की उम्र में जयपुर के बर्फ खाना चौराहा, आदर्श नगर में सड़क किनारे ढाबे पर राहुल ने 2 साल तक वेटर की नौकरी की।

13 साल से 18 साल की उम्र तक दिवाली में पटाखे, होली में रंग, मकर संक्रांति में पतंगें, रक्षाबंधन में राखियाँ और गर्मियों में कॉमिक्स बेचते रहे। कूरियर सर्विस और टू-लेट सर्विस में काम किया, जयपुर में राजस्थान पत्रिका के अखबार भी बाँटे।

16 से 18 साल की उम्र में दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन, जयपुर पर ऑटो-रिक्शा भी चलाया।

व्यावसायिक छलांग:

19 साल की उम्र में जयपुर के आदर्श नगर की सिंधी कॉलोनी में “कार पैलेस” की स्थापना की, यह उनका पहला बिजनेस कदम था। साथ ही फैशन के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाया और राजस्थान के मॉडलिंग उद्योग में नाम कमाया। 1999 में राहुल ने मॉडलिंग में मिस्टर जयपुर, मिस्टर राजस्थान और मेल ऑफ़ द ईयर जैसे खिताब जीते। इसी दौरान दिल्ली से ला ला कर जयपुर में लेदर जैकेट, डिजिटल घड़ियाँ और इम्पोर्टेड प्रीमियम चॉकलेट्स बेचकर व्यावसायिक अनुभव बढ़ाया।

इवेंट मैनेजमेंट में कदम:

2000 में, 20 साल की उम्र में “लाइव क्रिएशंस” नामक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी लॉन्च की, जो उनके करियर में टर्निंग पॉइंट साबित हुई।2005 में, मुंबई में “इंडियन आर्टिस्ट डॉट कॉम” नाम की आर्टिस्ट मैनेजमेंट कंपनी शुरू की।

2010 में, लग्जरी शादियों की बढ़ती मांग को देखते हुए “राहुल तनेजा प्रीमियम वेडिंग्स” की शुरुआत की।

पाँच साल में ही राहुल “बिग फैट रॉयल वेडिंग्स” के पर्याय बन गए, वो उत्तर भारत के सबसे ज़्यादा मांग वाले वेडिंग प्लानर हैं। समय के साथ उनकी कंपनियों ने इवेंट मैनेजमेंट के नए मानक स्थापित किए।

आज राहुल तनेजा सिर्फ बिजनेसमैन नहीं, बल्कि इवेंट इंडस्ट्री के अग्रणी चेहरा हैं, एक समर्पित पिता और लग्जरी ऑटोमोबाइल के पारखी, जिनकी पहचान उनकी वी आई पी नंबर प्लेट्स से होती है।