सूरत : मेयर दक्षेश मावाणी दुबई में एशिया प्रशांत शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

27 से 29 अक्टूबर तक तीन दिवसीय आयोजन, विश्वस्तरीय मंच पर सूरत की उपलब्धियों की होगी प्रस्तुति

सूरत। स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में प्रथम स्थान हासिल करने वाले सूरत शहर को अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपलब्धियाँ प्रस्तुत करने का अवसर मिला है।

सूरत के महापौर दक्षेश मावाणी को दुबई में आयोजित होने वाले एशिया प्रशांत शिखर सम्मेलन एवं मेयर फ़ोरम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह सम्मेलन 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक दुबई के एक्सपो सिटी में आयोजित होगा।

तीन दिवसीय कार्यक्रम में विकसित और विकासशील शहरों के बीच संतुलित विकास, परिवहन व डिजिटल नेटवर्किंग, और जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक आपदा व आर्थिक अस्थिरता जैसे विषयों पर गहन चर्चा होगी। विभिन्न देशों के महापौर और प्रतिनिधि इसमें अपने अनुभव साझा करेंगे।

सूरत नगर निगम की स्थायी समिति के समक्ष मेयर की इस विदेश यात्रा को लेकर प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। अनुमोदन के बाद राज्य सरकार से स्वीकृति मिल जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस सम्मेलन में भागीदारी के दौरान यात्रा और अन्य खर्च का वहन आयोजक संस्था द्वारा किया जाएगा।

इस वैश्विक शिखर सम्मेलन से सूरत को न केवल अपनी शहरी प्रबंधन और स्वच्छता मॉडल प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अन्य शहरों के साथ सहयोग व साझेदारी भी मजबूत होगी।

Tags: Surat