सूरत : जन्मदिन की पूर्व संध्या पर सेवा का संकल्प, भाजपा अध्यक्ष परेश पटेल ने सिविल अस्पताल में किया जरूरतमंदों का सम्मान
बच्चों को बांटी पोषण किट, दिव्यांग महिलाओं को ई-ट्राईसाइकिल, 651 छतरियों के ज़रिए जल संरक्षण का संदेश
सूरत। भाजपा शहर अध्यक्ष परेश पटेल ने अपने 61वें जन्मदिन की पूर्व संध्या को सेवा कार्यों के रूप में मनाते हुए नए सिविल अस्पताल में ज़रूरतमंद मरीजों और बच्चों को विविध उपहार भेंट किए।
इस अवसर पर पटेल परिवार ने कैंसर, हीमोफीलिया और चेहरे के पक्षाघात (फेशियल पाल्सी) से पीड़ित बच्चों को खिलौने, मच्छरदानी, खजूर की किट, गाउन, टीबी किट और अन्य पोषण सामग्री वितरित की। इसके साथ ही अस्पताल के सफाई कर्मचारियों को 651 छतरियां भी प्रदान की गईं।
समारोह के दौरान व्यारा और अहमदाबाद की दो दिव्यांग महिलाओं को ई-ट्राइसाइकिल देकर उनका सम्मान किया गया। यह पहल परेश पटेल द्वारा समाज के वंचित वर्गों के लिए की गई सेवाभावना का प्रतीक रही।
इस अवसर पर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु ‘कैच द रेन’, ‘जल है तो कल है’ और ‘पानी बचाओ, जीवन बचाओ’ जैसे नारों से सजी 651 छतरियों का वितरण किया गया।
परेश पटेल ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2021 में शुरू किए गए ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत की गई है। उनके अनुसार, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के मार्गदर्शन में पिछले एक वर्ष में देशभर में 32 लाख से अधिक जल संचयन संयंत्र स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से बहते वर्षा जल को भूमिगत संग्रहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित नर्सिंग काउंसिल के उपाध्यक्ष इकबाल कड़ीवाला ने कहा कि पूर्व स्थायी समिति अध्यक्ष और नगरसेवक के रूप में परेश पटेल हमेशा सेवा कार्यों में अग्रणी रहे हैं। कोरोना काल के दौरान उन्होंने नए सिविल अस्पताल के मरीजों की लगातार मदद की और बीते छह वर्षों से ऐसे मृतकों को कफन भी प्रदान कर रहे हैं, जो अस्पताल के निवासी नहीं होते।
परेश पटेल और उनकी पत्नी रोमाबेन पटेल हर वर्ष अपना जन्मदिन सिविल अस्पताल के मरीजों के साथ मनाते हैं, जो जनसेवा की दिशा में एक प्रेरणास्रोत बन चुका है।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. जयेश ब्रह्मभट्ट, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. धारीत्री परमार, मेडिकल संकाय के डीन डॉ. महेंद्रसिंह चौहान, आरएमओ डॉ. केतन नायक, टीबी विभागाध्यक्ष डॉ. पारुल वडगामा, नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट, भाजपा पदाधिकारीगण, सामाजिक नेता, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ एवं परेश पटेल का परिवार उपस्थित था।