सूरत : गुरु पूर्णिमा महोत्सव: सूरत में विश्व जागृति मिशन द्वारा भक्ति और साधना का आयोजन

परम् पूज्य गुरुदेव के शिष्य के सानिध्य में यज्ञ, सत्संग और भंडारा

सूरत : गुरु पूर्णिमा महोत्सव: सूरत में विश्व जागृति मिशन द्वारा भक्ति और साधना का आयोजन

 विश्व जागृति मिशन, सूरत मंडल द्वारा इस वर्ष गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन गुरुवार, 10 जुलाई 2025 को बालाश्रम (अनाथाश्रम) वेसू में 
आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा, जिसमें लोक विख्यात संत परम् पूज्य सद्गुरुदेव सुधांशुजी महाराज 
के परमप्रिय शिष्य आचार्य राम कुमार पाठक का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा।

आचार्यजी ने बताया कि हर वर्ष गुरु पूर्णिमा का त्योहार आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। गुरु 
पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा, आषाढ़ पूर्णिमा और वेद व्यास जयंती के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन देव-देवताओं, ऋषि-मुनियों  और गुरु के पूजन 
करने का खास महत्व होता है। गुरु पूर्णिमा पर अपने माता-पिता और बड़े बुजर्गों का भी पूजन करते हुए आशीर्वाद लिया जाता है। गुरु पूर्णिमा पर स्नान, 
दान और मंत्रों का जाप करने से जीवन में सकारात्मकता और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। 

विश्व जागृति मिशन, सूरत मंडल के प्रमुख गोविन्द डांगरा ने बताया कि इस शुभ अवसर पर यज्ञ, सत्संग, भजन-कीर्तन, पादुका पूजन, ध्यान-साधना तथा 
प्रसाद भंडारा का आयोजन रखा गया है। यह आयोजन भक्तों को अध्यात्म से जुड़ने, गुरु के प्रति श्रद्धा प्रकट करने और आत्मिक शांति की अनुभूति प्राप्त 
करने का अवसर देगा।  विश्व जागृति मिशन ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में अपने परिवार सहित पधारकर पुण्य 
लाभ प्राप्त करें और गुरु-भक्ति के इस पर्व को सार्थक बनाएं।

 

Tags: Surat