सूरत में बेमौसम बारिश से सड़कें जलमग्न, नगर निगम के दावों की खुली पोल

मोराभागल और डभोली की मुख्य सड़कों पर पानी का सैलाब, प्री-मानसून तैयारियों पर उठे सवाल

सूरत में बेमौसम बारिश से सड़कें जलमग्न, नगर निगम के दावों की खुली पोल

सूरत। बुधवार तड़के हुई बेमौसम बारिश ने सूरत नगर निगम की मानसून पूर्व तैयारियों की हकीकत उजागर कर दी। बारिश के कुछ ही घंटों में मोराभागल चौराहा, डभोली हरिदर्शन खांचो समेत शहर के कई मुख्य मार्ग पानी में डूब गए। जलभराव के कारण आमजन को काम और व्यापार के लिए निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

नगर निगम ने इस वर्ष मानसून से पहले प्री-मानसून कार्य शुरू करने का दावा किया था और कहा था कि इस बार जलभराव की समस्या नहीं होगी। अधिकारियों ने निगरानी और समय पर कार्यवाही के वादे किए थे। लेकिन बुधवार सुबह की बारिश ने इन दावों को झूठा साबित कर दिया। कई इलाकों में हालात ऐसे बन गए जैसे मानसून के चरम समय में बाढ़ आ गई हो।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बेमौसम की एक हल्की बारिश में ही सड़कें दलदल में तब्दील हो जाती हैं, तो असली मानसून के दौरान क्या हाल होगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। जलनिकासी व्यवस्था की कमजोरियों ने एक बार फिर सूरत की नगर व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

नगर निगम के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि “कुछ स्थानों पर जलनिकासी में रुकावट आई है, जिसकी समीक्षा की जा रही है।” वहीं स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम को अब भी समय रहते सबक लेकर अपनी तैयारियों को पुख्ता करना चाहिए, ताकि आगामी मानसून में शहर जलभराव की त्रासदी से बच सके।

नगर निगम के प्री-मानसून कार्यों की पोल खुलने के बाद अब जनता और प्रशासन की निगाहें आने वाले दिनों की बारिश पर टिकी हैं। यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किए गए, तो शहर एक बार फिर मानसून के दौरान जलप्रलय जैसी स्थिति का सामना कर सकता है।

Tags: Surat