गुजरात के मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान पर मिसाइल हमले की सराहना की, कहा 'भारत माता की जय'
अहमदाबाद, सात मई (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान में स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों पर किए गए मिसाइल हमलों की सराहना करते हुए ‘एक्स’ पर ‘‘भारत माता की जय’’ का नारा पोस्ट किया।
उन्होंने लिखा, ‘‘भारत का 'आपरेशन सिंदूर' आतंकवाद के खिलाफ है। भारत माता की जय।’’
गुजरात के अन्य नेताओं ने भी जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की प्रतिक्रिया में किए गए इन हमलों की प्रशंसा करते हुए ‘‘जय हिंद’’ और ‘‘भारत माता की जय’’ जैसे संदेश साझा किए।
गुजरात भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘140 करोड़ भारतीयों की भावना! आपरेशन सिंदूर, जय हिंद।’’
https://twitter.com/Bhupendrapbjp/status/1919887365080023112
गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने लिखा, ‘‘जय हिंद! जय हिंद की सेना।’’ उन्होंने संस्कृत में एक श्लोक भी साझा किया: ‘‘धर्मो रक्षति रक्षितः’’ (जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है)।
गुजरात कांग्रेस ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और जयराम रमेश द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना में 'एक्स' पर किए गए पोस्ट को अपने हैंडल से दोबारा साझा (रीपोस्ट) किया।
गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) ने पार्टी के आधिकारिक पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा, ‘‘जय हिंद। भारतीय सेना के जवानों ने आतंकियों को उनकी ही भाषा में करारा जवाब दिया है। पूरा देश भारतीय सेना के साथ खड़ा है। देश के हर नागरिक को सेना के शौर्य और साहस पर पूरा विश्वास है और आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा देश एकजुट है।’’