सूरत : श्री कृष्णाराज विद्यालय का उत्कृष्ट बोर्ड परीक्षा परिणाम, कॉमर्स में 92.30 एवं आर्ट्स में 100 प्रतिशत सफलता
साहु जानवी शांतिलाल ने 99.43 PR और A1 ग्रेड के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया
श्री कृष्णाराज विद्यालय, जो विगत 26 वर्षों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कार का केंद्र बना हुआ है, ने एक बार फिर बोर्ड परीक्षा 2024-25 में उत्कृष्ट परिणाम के साथ अपनी प्रतिष्ठा को और मजबूत किया है। विद्यालय का कॉमर्स वर्ग का परिणाम 92.30 प्रतिशत और आर्ट्स वर्ग का परिणाम शत-प्रतिशत (100 प्रतिशत) रहा है।
कॉमर्स वर्ग में साहु जानवी शांतिलाल ने 99.43 PR और A1 ग्रेड प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है। अन्य उल्लेखनीय विद्यार्थियों में वर्मा अंशुल अजीत कुमार (PR: 97.38, A2 ग्रेड) द्वितीय स्थान पर, गुप्ता आदित्य ओमप्रकाश (PR: 96.48, A2 ग्रेड) तृतीय, साहनी काजल राजन (PR: 92.28, A2 ग्रेड) चतुर्थ, और पाण्डेय नितेश अमित (PR: 90.78, A2 ग्रेड) पंचम स्थान पर रहे।
विद्यालय के संचालक डॉ. राजेन्द्र सिंह कछवाहा (लाइफ कोच) और ट्रस्टी कालिंद्री सिंह के मार्गदर्शन में यह संस्था न केवल शिक्षण में बल्कि गुरुकुल पद्धति, संस्कार आधारित शिक्षा, और समग्र विकास के प्रयासों में अग्रणी रही है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों के आध्यात्मिक, सामाजिक, बौद्धिक, मानसिक, शारीरिक और शैक्षणिक विकास के लिए समर्पित रहना है।
डॉ. कछवाहा ने बताया कि श्री कृष्णाराज विद्यालय 18 जून 2025 से अपने 27वें वर्ष में मंगलमय प्रवेश कर रहा है और आगे भी यह संस्था राष्ट्र निर्माण और भारतीय सनातन संस्कृति के पुनरुत्थान हेतु कार्यरत रहेगी। विद्यालय परिवार सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है और शिक्षा व संस्कार को जीवन की सर्वोत्तम पूंजी मानते हुए निरंतर प्रयासरत है।